सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त : उच्चस्तरीय बैठक के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने की घोषणा की, शहरवासियों को बड़ी राहत
बिहार के पटना नगर निगम सहित राज्यभर के तमाम नगर निकायों में पिछले आठ दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा के साथ सफाईकर्मी संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल की हुई उच्चस्तरीय बैठक में सकारात्मक सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने की घोषणा कर दी।
DESWA DESK : बिहार के पटना नगर निगम सहित राज्यभर के तमाम नगर निकायों में पिछले आठ दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा के साथ सफाईकर्मी संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल की हुई उच्चस्तरीय बैठक में सकारात्मक सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने की घोषणा कर दी।
पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ने हड़ताल वापसी की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थाई कर्मियों की भांति सुविधाएं देने पर सहमत हो गई है। अब दैनिक कर्मचारियों को भी सवेतन छुट्टी, ग्रेच्युटी और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन का लाभ मिलेगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि हर हाल में आज ही हड़ताल का पटाक्षेप कराया जाए। इसके साथ ही, आंदोलन के दौरान कर्मचारियों पर की गई किसी भी प्रकार की दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई को पूरी तरह से निरस्त करने पर सहमति बनी है।
पिछले आठ दिनों से जारी इस हड़ताल के कारण राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न शहरों में कचरे का अंबार लग गया था और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। हड़ताल समाप्त होने की खबर से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ घंटों में कर्मचारी काम पर लौटेंगे और शहरों में सफाई का कार्य शुरू हो जाएगा।













