बिहार दौरे पर वियतनाम राष्ट्रपति टो लाम, सम्राट चौधरी ने किया स्वागत

वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम का गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री..

बिहार दौरे पर वियतनाम राष्ट्रपति टो लाम, सम्राट चौधरी ने किया स्वागत

भारत की पावन धरती बिहार एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और आध्यात्मिकता के संगम की गवाह बनी, जब वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम का गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने राष्ट्रपति टो लाम का औपचारिक स्वागत किया। साथ ही राज्यपाल सैयद अत हसनैन ने भी एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। पूरे प्रोटोकॉल के तहत अतिथि राष्ट्रपति का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।

 राष्ट्रपति सीधे बोधगया के लिए रवाना हुए

तीन दिवसीय भारत दौरे के तहत वियतनाम के राष्ट्रपति सीधे बोधगया के लिए रवाना हुए, जहां उनका विशेष और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बोधगया पहुंचने पर वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और शांतिमय नजर आया। इसके बाद राष्ट्रपति टो लाम ने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर में बौद्ध भिक्षुओं ने पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया और सम्मान स्वरूप दुपट्टा भेंट किया।

बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की

दर्शन के बाद राष्ट्रपति वियतनाम बौद्ध मॉनेस्ट्री भी पहुंचे, जहां उन्होंने बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। यह दौरा भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गया और बोधगया में व्यापक इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई।