पटना में तीन दिनों में एनआईए की दूसरी बड़ी रेड; रांची में आरएसएस दफ्तर पर हमले से जुड़े तार, दो फ्लैट्स पर दबिश..आखिर किसकी तलाश ?

सदर एसडीपीओ-1 मनोज कुमार ने बताया कि रांची घटना से जुड़े इनपुट्स मिलने के बाद ही संदीप के दोनों ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। चित्रगुप्त नगर के इसी अपार्टमेंट में आठ सितंबर को भी एनआईए और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। उस दौरान एनआईए की टीम जब छापेमारी के लिए अपार्टमेंट पहुंची, तो टीम को देखते ही एक युवक घबराकर नीचे भागने लगा। नीचे मौजूद एसटीएफ और पुलिस की टीम ने भाग रहे युवक को खदेड़कर दबोच लिया। उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। 

पटना में तीन दिनों में एनआईए की दूसरी बड़ी रेड; रांची में आरएसएस दफ्तर पर हमले से जुड़े तार, दो फ्लैट्स पर दबिश..आखिर किसकी तलाश ?

DESWA DESK : राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर इलाके में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लगातार दूसरी बार बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को आठ सदस्यीय एनआईए टीम ने साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के दो फ्लैट्स (संख्या 1206 और 609) पर अचानक छापेमारी की। ये दोनों फ्लैट्स संदीप नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड बताए जा रहे हैं।

यह पूरी कार्रवाई झारखंड की राजधानी रांची में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के सिलसिले में की जा रही है। 16 जून को रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंककर हमला करने की कोशिश की गई थी। इस मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए एक मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद मिली सटीक जानकारी के आधार पर एनआईए ने पटना के इस ठिकाने पर दबिश दी है।

सदर एसडीपीओ-1 मनोज कुमार ने बताया कि रांची घटना से जुड़े इनपुट्स मिलने के बाद ही संदीप के दोनों ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। चित्रगुप्त नगर के इसी अपार्टमेंट में आठ सितंबर को भी एनआईए और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी।

उस दौरान एनआईए की टीम जब छापेमारी के लिए अपार्टमेंट पहुंची, तो टीम को देखते ही एक युवक घबराकर नीचे भागने लगा। नीचे मौजूद एसटीएफ और पुलिस की टीम ने भाग रहे युवक को खदेड़कर दबोच लिया। उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। 

पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी (निवासी: चकिया, पूर्वी चंपारण) के रूप में हुई। मामले में आयकर विभाग को भी जानकारी दी गई है। इसी छापेमारी के दौरान फ्लैट संख्या 609 से आतंकी गतिविधियों में शामिल एक मोस्टवांटेड संदिग्ध की भी गिरफ्तारी की बात सामने आई है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पटना का यह इलाका संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। एनआईए की टीम फिलहाल दोनों फ्लैट्स को खंगाल रही है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाने में लगी है। बताया जा रहा है कि एनआईए की टीम इस अपार्टमेंट के फ्लैट में रखे कुछ डिवाइस को बरामद करने की फिराक में लगी हुई है।