विक्रमशिला बेली ब्रिज पर 'पैसे दो, नो-एंट्री में भारी वाहन पार कराओ' खेल का खुलासा; बाईपास थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम जनता को राहत देने और यातायात को सुचारु रखने के लिए बनाए गए बेली ब्रिज पर महज एक सप्ताह के भीतर अवैध वसूली का बड़ा खेल सामने आया है। रात के अंधेरे में प्रतिबंधित भारी वाहनों को कथित रूप से मोटी रकम लेकर ब्रिज पार कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
DESWA DESK : विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम जनता को राहत देने और यातायात को सुचारु रखने के लिए बनाए गए बेली ब्रिज पर महज एक सप्ताह के भीतर अवैध वसूली का बड़ा खेल सामने आया है। रात के अंधेरे में प्रतिबंधित भारी वाहनों को कथित रूप से मोटी रकम लेकर ब्रिज पार कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने त्वरित जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथमदृष्टया अनियमितता और कर्तव्यहीनता पाए जाने पर बाईपास थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही और जीरो टॉलरेंस की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता था कि रात के समय बेली ब्रिज से भारी वाहनों को नियम विरुद्ध तरीके से गुजारा जा रहा है और इसके बदले लेन-देन का खेल हो रहा है। जैसे ही यह मामला एसएसपी के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना वक्त गंवाए मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में बाईपास थानाध्यक्ष और वहां तैनात अन्य तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध और दोषी पाई गई, जिसके बाद निलंबन की यह बड़ी कार्रवाई की गई।
विक्रमशिला पुल के समानांतर बने इस बेली ब्रिज को चालू हुए अभी एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ है। जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा था कि ब्रिज की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की चौबीसों घंटे सख्त निगरानी की जा रही है। ऐसे में महज कुछ ही दिनों के भीतर इस तरह की गंभीर शिकायत और उसका वीडियो प्रमाण सामने आना प्रशासन के दावों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो भारी वाहनों के दबाव से यह वैकल्पिक ब्रिज भी जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकता है।













