पटना में पॉलिटिकल शिफ्टिंग : 10 सर्कुलर रोड खाली करने का काउंटडाउन शुरू, अब 'हरे रंग' के नए बंगले से चलेगी लालू परिवार की सियासत
कभी बिहार की सियासत का सबसे बड़ा केंद्र रहा पटना का '10, सर्कुलर रोड' स्थित राबड़ी आवास अब इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल सरकारी बंगले को खाली करने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, लालू-राबड़ी परिवार को 29 जून तक इस बंगले को पूरी तरह खाली कर देना है। शुक्रवार सुबह से ही बंगले के भीतर और बाहर हलचल तेज हो गई है, जिससे साफ है कि आरजेडी के शीर्ष परिवार के नए ठिकाने पर जाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
DESWA DESK : कभी बिहार की सियासत का सबसे बड़ा केंद्र रहा पटना का '10, सर्कुलर रोड' स्थित राबड़ी आवास अब इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल सरकारी बंगले को खाली करने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, लालू-राबड़ी परिवार को 29 जून तक इस बंगले को पूरी तरह खाली कर देना है। शुक्रवार सुबह से ही बंगले के भीतर और बाहर हलचल तेज हो गई है, जिससे साफ है कि आरजेडी के शीर्ष परिवार के नए ठिकाने पर जाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
शुक्रवार को 10, सर्कुलर रोड के बाहर की तस्वीरें पूरी तरह बदली हुई नजर आईं। सालों से सुरक्षा और निगरानी के लिए मुख्य गेट और अंदरूनी हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों को एक-एक कर हटा दिया गया। दोपहर होते-होते आवास के भीतर ऑटो से दर्जनों खाली कार्टन ले जाए गए। सूत्रों के मुताबिक, परिवार के निजी सामान, ऐतिहासिक दस्तावेजों और स्मृति चिह्नों की पैकिंग का काम युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है। हालांकि, लालू परिवार की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई यह बताने को तैयार नहीं है कि शिफ्टिंग की प्रक्रिया किस तारीख को मुकम्मल होगी।
लालू परिवार का नया ठिकाना अब '39, हार्डिंग रोड' स्थित सरकारी बंगला होगा। इस नए आवास में इन दिनों काम बेहद तेजी से चल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बंगले के बदले रंग-रोगन की हो रही है। जो बंगला कुछ दिनों पहले तक 'भगवा' रंग में रंगा हुआ नजर आता था, वह अब पूरी तरह 'आरजेडी के ट्रेडमार्क' यानी गहरे हरे रंग में तब्दील हो चुका है। पटना के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगले के रंग में यह बदलाव महज कोई सामान्य मेंटेनेंस या पेंटिंग का काम नहीं है। हरा रंग राष्ट्रीय जनता दल की वैचारिक और राजनीतिक पहचान है। ऐसे में नए आवास को पूरी तरह हरा रंग देना विरोधियों को एक कड़ा राजनीतिक संदेश है कि ठिकाना बदलने से लालू परिवार की सियासी ताकत और उनके तेवर कम नहीं होने वाले।
39, हार्डिंग रोड स्थित बंगले में फिलहाल पेंटिंग और इंटीरियर के काम को आखिरी फिनिशिंग टच दिया जा रहा है। मजदूरों की अतिरिक्त टीमें लगाकर चौबीसों घंटे काम कराया जा रहा है ताकि 29 जून की समयसीमा से पहले बंगला रहने लायक पूरी तरह तैयार हो सके। दशकों तक बिहार की सत्ता का रिमोट कंट्रोल और विपक्ष की राजनीति का पावर हाउस रहे 10, सर्कुलर रोड से लालू परिवार की विदाई और 39, हार्डिंग रोड में नए 'हरे' अध्याय की शुरुआत, राज्य की भावी सियासत में क्या नया मोड़ लाएगी, इस पर पूरे सूबे की नजरें टिकी हुई हैं।













