बांकीपुर उपचुनाव में वोटिंग से 72 घंटे पहले गरमाई सियासत, पदयात्रा से लेकर धरने तक की चेतावनी..तेजस्वी यादव क्या करेंगे
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को होने वाले मतदान से ठीक पहले सियासी पारा चढ़ गया है। चुनावी जंग के आखिरी दौर में बीजेपी, राजद और जन सुराज ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार का दिन बांकीपुर के राजनीतिक गलियारे में कई बड़े बयानों और हलचलों से भरा रहा।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को होने वाले मतदान से ठीक पहले सियासी पारा चढ़ गया है। चुनावी जंग के आखिरी दौर में बीजेपी, राजद और जन सुराज ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार का दिन बांकीपुर के राजनीतिक गलियारे में कई बड़े बयानों और हलचलों से भरा रहा।
नितिन नवीन की बांकीपुर क्षेत्र में पदयात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को बांकीपुर क्षेत्र में पदयात्रा की। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भारी हुजूम के साथ सड़क पर उतरे नितिन नवीन ने डोर-टू-डोर संपर्क साधा। अपने पुराने अंदाज में लोगों से संवाद किया और पीरमुहानी के एक नुक्कड़ पर उन्होंने चाय भी पी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का हवाला देते हुए मतदाताओं से विकास के नाम पर एकजुट रहने की अपील की।
तेजस्वी का दो दिनों तक रोड शो
वहीं, विदेश यात्रा से लौटे तेजस्वी राजद प्रत्याशी के लिए ताबड़तोड़ रोड शो करेंगे। आज पटना में उन्होंने अपने बड़े भाई और जन शक्ति जनता दल के सुप्रीमो पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भी राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी दी कि कल तक सभी आंदोलनकारियों को रिहा नहीं किया गया तो उनकी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। रविवार को पटना पहुंचे तेजस्वी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
दुरुपयोग ना रुका तो धरना देंगे पीके
वहीं, जन सुराज ने कहा कि जीविका दीदियों का इस्तेमाल रुका तो ठीक, नहीं तो चुनाव आयोग पर धरना देंगे। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्ता पक्ष पर प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। प्रशांत किशोर (पीके) ने कहा कि भाजपा, प्रशासन का अनुचित इस्तेमाल कर जन सुराज के नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र जीविका दीदियों का इस्तेमाल चुनावी गतिविधियों और प्रचार में कर रहा है।
24 घंटे का दिया अल्टीमेटम
प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अगले 24 घंटे के भीतर आयोग इस मामले में कड़ा संज्ञान नहीं लेता और जीविका दीदियों को चुनावी गतिविधियों से पूरी तरह अलग नहीं किया जाता तो जन सुराज के कार्यकर्ता चुनाव आयोग के पटना स्थित कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
28 जुलाई को थमेगा प्रचार का शोर
तेजस्वी यादव सोमवार यानी 27 जुलाई और मंगलवार यानी 28 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो करेंगे। तेजस्वी के मैदान में उतरने से बांकीपुर का मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद जताई जा रही है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि प्रचार का शोर 28 जुलाई की शाम पांच को थम जाएगा।













