बिहार में सफर होगा महंगा : अब 250 मीटर से लंबे पुलों पर देना होगा टोल टैक्स, स्टेट हाईवे के 94 पुलों की सूची तैयार

बिहार में स्टेट हाईवे (एसएच) और प्रमुख जिला सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। राज्य सरकार ने 250 मीटर से अधिक लंबे सभी पुलों पर टोल टैक्स वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने जमीनी स्तर पर सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है।

बिहार में सफर होगा महंगा : अब 250 मीटर से लंबे पुलों पर देना होगा टोल टैक्स, स्टेट हाईवे के 94 पुलों की सूची तैयार

DESWA DESK : बिहार में स्टेट हाईवे (एसएच) और प्रमुख जिला सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। राज्य सरकार ने 250 मीटर से अधिक लंबे सभी पुलों पर टोल टैक्स वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने जमीनी स्तर पर सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है।

शुरुआती आकलन के मुताबिक राज्य में पथ निर्माण विभाग के अधीन ऐसे कुल 94 पुल हैं, जिनकी लंबाई 250 मीटर या उससे अधिक है। विभाग इन सभी पुलों की वर्तमान स्थिति और उपयोगिता का विस्तृत सर्वे करा रहा है, जिसके बाद अंतिम रूप से यह तय किया जाएगा कि इनमें से किन-किन पुलों पर तत्काल प्रभाव से टोल टैक्स की वसूली शुरू की जाए।

विभागीय सूत्रों के अनुसार टोल टैक्स की राशि सभी पुलों पर एक समान नहीं होगी। टैक्स का निर्धारण पूरी तरह से पुल की लंबाई के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए चल रहे सर्वे के दौरान न केवल मुख्य पुल, बल्कि उसके दोनों तरफ बने एप्रोच रोड यानी पुल तक पहुंचने वाली सड़क की लंबाई की भी सटीक मापी की जा रही है। पुल और एप्रोच रोड जितने लंबे होंगे, टोल टैक्स की दर उसी अनुपात में तय की जाएगी।

सरकार के इस कदम के पीछे पुलों के बेहतर रखरखाव और नए बुनियादी ढांचे के लिए राजस्व जुटाने की रणनीति मानी जा रही है। अब तक बिहार में केवल चुनिंदा बड़े पुलों या नेशनल हाईवे (एनएच) के अंतर्गत आने वाले पुलों पर ही टोल टैक्स लिया जाता था, लेकिन अब स्टेट हाईवे के नेटवर्क को भी इसके दायरे में लाया जा रहा है।

सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद पथ निर्माण विभाग टोल टैक्स की दरों का एक प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजेगा। कैबिनेट की मुहर लगते ही राज्य के इन 94 पुलों पर टोल प्लाजा बनाने और टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।