जेड श्रेणी की सुरक्षा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, साइबर सेल जांच में जुटी

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। उन्हें जल्द ही हार्डकोर आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर तत्काल उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा समीक्षा का अनुरोध किया है।

जेड श्रेणी की सुरक्षा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, साइबर सेल जांच में जुटी

DESWA DESK : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। उन्हें जल्द ही हार्डकोर आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर तत्काल उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा समीक्षा का अनुरोध किया है।

केंद्रीय गृह सचिव को भेजे गए आधिकारिक पत्र में आग्रह किया गया है कि धमकी भरे संदेश के स्रोत, उसकी प्रामाणिकता और इसके पीछे की साजिश की तुरंत गहन जांच कराई जाए। चिराग पासवान वर्तमान में गृह मंत्रालय  द्वारा प्रदत्त जेड श्रेणी की सुरक्षा घेरे में हैं। साइबर सेल और पुलिस टीमों को उन दो मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रैकिंग के लिए सक्रिय कर दिया गया है जिनका जिक्र पत्र में किया गया है।

इस घटना पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिली धमकी अत्यंत चिंताजनक है। पार्टी ने केंद्र सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों से मांग की है कि इस साजिश का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।