वैशाली में मवेशी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, बेटे को जांघ में मारी गोली; कैश से भरा बैग लूटकर अपराधी फरार
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के पातेपुर रोड स्थित तारौरा नहर के पास मंगलवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। मवेशी बेचकर बाइक से घर लौट रहे पिता-बेटे पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद अपराधी पैसों से भरा बैग लूटकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
DESWA DESK : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के पातेपुर रोड स्थित तारौरा नहर के पास मंगलवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। मवेशी बेचकर बाइक से घर लौट रहे पिता-बेटे पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद अपराधी पैसों से भरा बैग लूटकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
मृतक की पहचान तिसियौता थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मण राय के रूप में हुई है। वहीं उनका 20 वर्षीय बेटा मिथलेश कुमार गोली लगने से घायल है, जिसका इलाज निकटतम अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक लक्ष्मण राय अपने बेटे मिथलेश के साथ मवेशी बेचकर बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों तारौरा नहर के पास पहुंचे, पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
जब पिता-बेटे ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपराधियों ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों ने लक्ष्मण राय को बेहद करीब से सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटे मिथलेश की जांघ में गोली लगी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बैग लेकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर पातेपुर रोड को पूरी तरह जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल हत्यारों का सुराग पुलिस को नहीं मिला है।













