चलती गाड़ी में लगी अचानक आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान,शॉर्ट सर्किट की आशंका
पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ पर मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती Mahindra की थार SUV में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी चलते समय अचानक इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति....
पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ पर मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती Mahindra की थार SUV में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी चलते समय अचानक इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन रोका और बाहर निकल आया। कुछ ही पलों में धुआं आग की तेज लपटों में बदल गया और पूरी थार जलने लगी।
अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो दमकल वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और नजदीकी दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अग्निशमन अधिकारी विजय शंकर यादव ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण आग लगी। वाहन मालिक हर्ष राज ने भी इंजन से अचानक आग भड़कने की बात कही है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया
सगुना मोड़ पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।













