हाईकोर्ट के स्टे के बाद टली ओसामा शहाब की गिरफ्तारी, विधायक फ्लैट से लौटी पुलिस
आरजेडी विधायक और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन (Mohammad Shahabuddin) के बेटे ओसामा शहाब(Osama Shahab) की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को सीवान पुलिस ने ..
आरजेडी विधायक और पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन (Mohammad Shahabuddin) के बेटे ओसामा शहाब(Osama Shahab) की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को सीवान पुलिस ने राजधानी पटना में दबिश दी. जमीन विवाद से जुड़े मामले में दर्ज केस को लेकर पुलिस टीम विधायक आवास पहुंची, लेकिन ओसामा शहाब वहां मौजूद नहीं मिले. बाद में कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे मिलने की जानकारी के बाद पुलिस टीम लौट गई.जानकारी के मुताबिक, सीवान जिले में दर्ज एक जमीन विवाद मामले में कार्रवाई के तहत पुलिस की विशेष टीम पटना पहुंची थी. टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित विधायक फ्लैट पर पहुंचकर तलाशी और पूछताछ की. उस समय फ्लैट में ओसामा शहाब के कुछ करीबी और मित्र मौजूद थे, जिनसे पुलिस ने पूछताछ की.
टीम लगभग 4:35 बजे विधायक आवास पहुंची
ओसामा शहाब के करीबी लोगों का दावा है कि मामले में हाईकोर्ट से बुधवार शाम करीब 4:15 बजे गिरफ्तारी पर रोक मिल चुकी थी, जबकि पुलिस टीम लगभग 4:35 बजे विधायक आवास पहुंची. दोस्तों ने पुलिस को बताया कि विधायक फिलहाल पटना में मौजूद नहीं हैं और कोर्ट से स्टे ऑर्डर जारी हो चुका है.बताया जा रहा है कि कोर्ट के आदेश की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई. इस कार्रवाई का नेतृत्व सीवान के एडिशनल एसपी अजय सिंह कर रहे थे. टीम में कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार, एडिशनल थानाध्यक्ष बमबम कुमार, एएसआई अरविंद निराला समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे.
पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज
विधायक आवास पर अचानक भारी पुलिस बल के पहुंचने से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. बता दें कि Osama Shahab फिलहाल सीवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या-108 से आरजेडी विधायक हैं. हाल के दिनों में जमीन विवाद से जुड़े मामले को लेकर उनका नाम लगातार चर्चा में रहा है. फिलहाल हाईकोर्ट से मिले स्टे के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई पर अस्थायी रोक लग गई है. कोर्ट ने मामले की केस डायरी तलब की है.













