पटना समेत 6 शहरों में आज शाम ब्लैकआउट मॉकड्रिल, 7 बजे सायरन बजते ही बुझ जाएंगी लाइटें
बिहार में आज शाम लोगों को एक अलग माहौल देखने को मिलेगा। राजधानी पटना समेत छह शहरों में शाम 7 बजे अचानक सायरन बजेगा और पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाएगा। हालांकि, यह किसी ..
बिहार में आज शाम लोगों को एक अलग माहौल देखने को मिलेगा। राजधानी पटना समेत छह शहरों में शाम 7 बजे अचानक सायरन बजेगा और पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाएगा। हालांकि, यह किसी खतरे का संकेत नहीं बल्कि भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों को परखना है।
7 बजे से 7:15 बजे तक ब्लैकआउट
राज्य सरकार के निर्देश के मुताबिक पटना, पूर्णिया, बेगूसराय, कटिहार, किशनगंज और अररिया में शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक ब्लैकआउट लागू रहेगा। सायरन बजते ही लोगों को अपने घरों, दुकानों, ऑफिस और अन्य संस्थानों की लाइटें बंद करनी होंगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि 15 मिनट तक किसी भी प्रकार की रोशनी का इस्तेमाल नहीं किया जाए।
हवाई हमले की चेतावनी की तरह इस्तेमाल
करीब दो मिनट तक बजने वाला सिविल डिफेंस सायरन हवाई हमले की चेतावनी की तरह इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एंबुलेंस और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास शुरू करेंगी। चौक-चौराहों पर लगे साउंड सिस्टम, थानों और फायर ब्रिगेड वाहनों के सायरन का भी उपयोग किया जा सकता है।
प्रशासन की अपील-घबराएं नहीं,
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि इस अभ्यास में सहयोग करें। अपार्टमेंट्स में जनरेटर नहीं चलाने, मोबाइल फ्लैशलाइट, टॉर्च या किसी भी रोशनी का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। अस्पतालों में सेवाएं सामान्य रहेंगी, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रोशनी बाहर दिखाई न दे। इसके लिए खिड़कियों पर क्यूबिकल पर्दे और प्राइवेसी कर्टेन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कई अहम स्थानों पर होगा सिमुलेशन
पटना में मॉकड्रिल के लिए कई महत्वपूर्ण स्थलों को सिमुलेशन साइट बनाया गया है। इनमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड और आईजीआईएमएस शामिल हैं। इन जगहों पर काल्पनिक हवाई हमले जैसी स्थिति बनाकर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।पटना DM डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि आम लोगों की भागीदारी से ही यह अभ्यास सफल होगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
अलर्ट मोड में रहेंगी एजेंसियां
मॉकड्रिल के दौरान पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस सेवा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, नगर निकाय और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह अलर्ट रहेंगी। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
ब्लैकआउट के दौरान क्या होगा?
घर, दुकान, ऑफिस और सार्वजनिक स्थानों की सभी लाइटें बंद रहेंगी
सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित की जा सकती है
गाड़ियों की हेडलाइट और इंजन बंद करवाए जा सकते हैं
इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर बाकी गतिविधियां रोक दी जाएंगी
बता दें कि बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टेबल-टॉप एक्सरसाइज भी आयोजित की गई। इसमें विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, नागरिक सुरक्षा निदेशालय के महानिदेशक डॉ. परेश सक्सेना समेत छहों जिलों के प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिकारियों को सायरन बजने से लेकर राहत एवं बचाव अभियान तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।













