नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई : एसएसबी ने सौ वॉकी-टॉकी, स्कॉर्पियो और 2.63 लाख नेपाली करेंसी की जब्त, दो शातिर गिरफ्तार
सुपौल जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। 45वीं वाहिनी, वीरपुर के जवानों ने सौ वॉकी-टॉकी, एक स्कॉर्पियो वाहन और 2 लाख 63 हजार नेपाली करेंसी जब्त की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
DESWA DESK : सुपौल जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। 45वीं वाहिनी, वीरपुर के जवानों ने सौ वॉकी-टॉकी, एक स्कॉर्पियो वाहन और 2 लाख 63 हजार नेपाली करेंसी जब्त की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
चार अगस्त की शाम सीमा चौकी नियोर पर विशेष नाका जांच के दौरान नेपाल की ओर जा रही स्कॉर्पियो (AS01AV-7949) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की से दो कार्टनों में कुल सौ Baofeng वॉकी-टॉकी और टू-वे रेडियो बरामद किए गए। वाहन चालक की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के देवानंद मिश्रा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इन उपकरणों को नेपाल पहुंचाने के एवज में एक हजार रुपये लेने वाला था। एसएसबी के अनुसार चालक वायरलेस उपकरणों से संबंधित WPC अथवा ETA की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इतनी बड़ी संख्या में संचार उपकरणों की बरामदगी किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। जांच में यह भी सामने आया कि सामान दिल्ली से कोरियर के जरिए मंगाया गया था। अब अन्य एजेंसियां और कोरियर नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। इसी दौरान सीमा चौकी कटैया पर नेपाल से भारत आ रहे रविंद्र यादव नामक व्यक्ति के पास से 2 लाख 63 हजार नेपाली करेंसी बरामद की गई। पूछताछ में वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद नेपाली मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर सीमा शुल्क कार्यालय भीमनगर को सौंप दिया गया।
45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। फिलहाल दोनों मामलों में जब्त सामान संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है, और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद सीमा पार अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट













