सिलेंडर का दाम कम करो...अत्याचार बंद करो,पटना में LPG संकट और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, PM का पुतला फूंका
पटना में रसोई गैस (LPG) की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत के खिलाफ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर के पास आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “सिलेंडर का दाम कम करो” और “आम आदमी पर अत्याचार.....
पटना में रसोई गैस (LPG) की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत के खिलाफ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर के पास आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “सिलेंडर का दाम कम करो” और “आम आदमी पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारों से माहौल गरमा दिया। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और उसके बाद पुतले पर लाठी-चप्पल बरसाकर अपना विरोध जताया।
कंप्रोमाइज PM नहीं चलेगा
इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। महिला कार्यकर्ताओं ने “कंप्रोमाइज PM नहीं चलेगा”, “56 इंच का सीना कहां है, जवाब दो” और “LPG सिलेंडर की किल्लत क्यों, सरकार जवाब दो” जैसे नारे लगाए।कांग्रेस कार्यकर्ता निधि झा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब गैस सिलेंडर 400 रुपये का था, तब भाजपा नेता स्मृति ईरानी महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करती थीं, लेकिन अब बढ़ती कीमतों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।वहीं, कांग्रेस नेता राजेश राम ने गैस संकट को गंभीर बताते हुए कहा कि सिलेंडर क्राइसिस है। बड़े-से-बड़े होटल में चले जाइए, अगर पार्टी बुक करानी है तो वे बुकिंग नहीं ले रहे, क्योंकि गैस है ही नहीं, लेकिन सरकार मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आम लोग गैस के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं और सरकार इस मुद्दे को स्वीकार करने से बच रही है।













