टीआरई-4 को लेकर बवाल: 3 दिन का अल्टीमेटम, नहीं जारी हुआ नोटिफिकेशन तो 10 अप्रैल से आमरण अनशन
बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर देरी ने छात्रों में भारी नाराज़गी पैदा कर दी है। अब यह नाराज़गी आंदोलन का रूप लेती दिख रही है।पटना में छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शिक्षक अभ्यर्थियों ने एक बार फिर सरकार को सख्त चेतावनी दी है। अभ्यर्थियों का कहना.....
बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को लेकर देरी ने छात्रों में भारी नाराज़गी पैदा कर दी है। अब यह नाराज़गी आंदोलन का रूप लेती दिख रही है।पटना में छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में शिक्षक अभ्यर्थियों ने एक बार फिर सरकार को सख्त चेतावनी दी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि अगले 3 दिनों के भीतर TRE-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो 10 अप्रैल से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।मंगलवार को पटना में आयोजित बैठक में अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग और आयोग के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। छात्र नेता दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से अभ्यर्थियों को केवल आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है।
हकीकत इससे बिल्कुल अलग
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2024 को ही TRE-4 परीक्षा प्रस्तावित थी और इसका जिक्र आयोग के कैलेंडर में भी था, लेकिन इसे लगातार टाला गया। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पहले घोषणा की थी कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भी चुनाव से पहले परीक्षा, रिजल्ट और जॉइनिंग की तारीखों का ऐलान किया था। उनके मुताबिक, 26 जनवरी 2026 तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
10 अप्रैल को पटना पहुंचने की अपील
दिलीप कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग और आयोग लगातार नए-नए कारण बताकर भर्ती प्रक्रिया को टाल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर कोई संशोधन करना है, तो विज्ञापन जारी होने के बाद किया जाए—पहले नोटिफिकेशन जारी करना जरूरी है।अभ्यर्थियों ने गांधी मूर्ति पटना के पास आमरण अनशन की अनुमति मांगी है। अगर वहां अनुमति नहीं मिलती है, तो गर्दनीबाग में आंदोलन किया जाएगा।छात्र नेता ने पूरे बिहार के अभ्यर्थियों से 10 अप्रैल को पटना पहुंचने की अपील की है।













