जमुई में 15 वाहन ब्लैकलिस्ट, टैक्स नहीं चुकाने पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिहार के जमुई जिले में परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए 15 वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से कर का भुगतान न करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ की गई है, जिससे साफ संकेत मिलता...
बिहार के जमुई जिले में परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए 15 वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से कर का भुगतान न करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ की गई है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार द्वारा गुरुवार शाम 6 बजे जारी आदेश के तहत इन वाहनों को तत्काल प्रभाव से काली सूची में डाल दिया गया। यह कदम जिलाधिकारी नवीन के निर्देश पर उठाया गया है, जिनके नेतृत्व में प्रशासन ने राजस्व नुकसान को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू की है।
वाहनों को फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं
परिवहन विभाग के अनुसार, ब्लैकलिस्ट किए गए वाहनों में ज्यादातर बड़ी बसें और कमर्शियल गुड्स कैरियर शामिल हैं। इन वाहन मालिकों को पहले कई बार पंजीकृत डाक और मोबाइल संदेश के माध्यम से नोटिस भेजे गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बकाया टैक्स जमा नहीं किया।विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबे इंतजार और बार-बार चेतावनी के बावजूद जब कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब यह कठोर कदम उठाना पड़ा। ब्लैकलिस्ट होने के बाद अब इन वाहनों को फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिलेगा, न ही उनके परमिट का नवीनीकरण या स्वामित्व हस्तांतरण किया जा सकेगा।
सभी वाहन मालिकों से अपील
जिला परिवहन कार्यालय ने साफ तौर पर कहा है कि आगे भी कर चोरी करने या समय पर भुगतान न करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।विभाग ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाया कर का भुगतान करें, ताकि किसी भी तरह की कानूनी परेशानी और प्रतिबंध से बचा जा
सके।













