पटना में घरेलू गैस की आपूर्ति पर प्रशासन की सख्त निगरानी, ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पटना में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शहर में घरेलू गैस की आपूर्ति और वितरण को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों ...
पटना में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शहर में घरेलू गैस की आपूर्ति और वितरण को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर पैनिक बुकिंग से बचें।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
डीएम ने बताया कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार गैस एजेंसियों और डीलरों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही एलपीजी गैस की ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री जैसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। ऐसे मामलों में ‘आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम’ के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
28 धावा दल सक्रिय
डीएम ने यह भी बताया कि प्रखंड स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडर से जुड़ी शिकायतों के समाधान और जमाखोरी रोकने के लिए 28 धावा दल सक्रिय किए गए हैं। इन दलों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।ये सभी नोडल अधिकारी आम लोगों और कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस से संबंधित शिकायतों के निपटारे के लिए वरीय प्रभारी बनाया गया है।
आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं
प्रशासन ने गैस एजेंसी क्षेत्रों को सेक्टर, जोनल और सुपर जोनल स्तर पर भी बांट दिया है। हर क्षेत्र में डीलरवार सेक्टर दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी और सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।जिला प्रशासन का कहना है कि आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पर्याप्त गैस उपलब्ध है और किसी भी तरह की गड़बड़ी या कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













