बिहार में LPG गैस संकट! पटना में सिलेंडर लेकर सड़क जाम, लोगों का हंगामा

सरकार भले ही यह दावा कर रही हो कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। देशभर में हो रही गैस की किल्लत का असर अब बिहार में भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी पटना से लेकर कई जिलों तक गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों का गुस्सा भी अब सड़क पर....

बिहार में LPG गैस संकट! पटना में सिलेंडर लेकर सड़क जाम, लोगों का हंगामा

सरकार भले ही यह दावा कर रही हो कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। देशभर में हो रही गैस की किल्लत का असर अब बिहार में भी साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी पटना से लेकर कई जिलों तक गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों का गुस्सा भी अब सड़क पर उतरने लगा है।

 नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा
बताया जा रहा है कि पटना में गैस नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में लोग गैस लेने के लिए एक एजेंसी पर पहुंचे थे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। इससे नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और लोग अपने-अपने गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठ गए। देखते ही देखते सड़क जाम हो गई और यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया।सूचना मिलने के बाद पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की और काफी देर तक बातचीत के बाद किसी तरह जाम हटवाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कई दिनों से गैस नहीं मिल रही है, जिससे घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है।

किल्लत सिर्फ पटना तक सीमित नहीं 
बता दें कि गैस की किल्लत सिर्फ पटना तक सीमित नहीं है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी यही हाल है। किशनगंज में गैस एजेंसी के बाहर करीब 500 मीटर लंबी लाइन देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि दो दिनों से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर बार सर्वर डाउन बताया जा रहा है। वहीं दरभंगा में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। वहां सुबह 6 बजे से ही लोग गैस एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे हैं। सिलेंडर की कमी के कारण कई जगहों पर धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति भी बन रही है।

एक किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया
इधर मोतिहारी में प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी पर कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया है। उस पर अवैध तरीके से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग करने का आरोप है। छापेमारी के दौरान दुकान से 3 खाली सिलेंडर, 1 भरा सिलेंडर, 4 नोजल और 11 छोटे रेगुलेटर बरामद किए गए हैं। वहीं खगड़िया में हालात को संभालने के लिए पुलिस की निगरानी में गैस सिलेंडर का वितरण कराया जा रहा है। वहीं जमुई में लाइन में खड़ी महिलाओं का कहना है कि उन्हें 7 से 8 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, इसके बावजूद कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है।