सीवान केस पर मांझी का बयान: अपराधियों को दी खुली चेतावनी

बिहार के सीवान जिले में चर्चित हर्ष मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। रविवार सुबह हुई इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में हलचल..

सीवान केस पर मांझी का बयान: अपराधियों को दी खुली चेतावनी

बिहार के सीवान जिले में चर्चित हर्ष मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। रविवार सुबह हुई इस एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई है और इसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, सोनू यादव इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। वह हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का निवासी बताया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके दौरान मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया।

मंत्री जीतन राम मांझी की प्रतिक्रिया

बता दें कि इससे पहले इसी मामले में एक अन्य आरोपी छोटू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उस दौरान छोटू यादव के पैर में गोली लगी थी,जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है

“अपराधियों पर बिहार में सख्त कार्रवाई जारी है। एक-एक अपराधी का हिसाब होगा। अपराधी सुधर जाएं या बिहार छोड़ दें।”

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब हो कि 29 अप्रैल को सीवान में एक कथित रोडरेज के बाद यह खूनी वारदात हुई थी। भाजपा नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य मनोज कुमार सिंह के करीबी रिश्तेदारों पर हमला किया गया था।बताया जा रहा है कि सड़क पर गाड़ी सटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान अपराधियों ने भाजपा नेता के भांजे हर्ष सिंह और उनके बहनोई चंदन सिंह को बीच सड़क पर गोली मार दी।

कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार 

बता दें कि इस हमले में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई शुरू की।घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अब मुख्य आरोपी के मारे जाने से केस में बड़ा मोड़ आ गया है।