पटना में कल दौड़ेगा ‘नशामुक्ति’ का संदेश, मैराथन को लेकर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव
राजधानी पटना की सड़कों पर रविवार (15 मार्च) की सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित ‘पटना मैराथन’ में हजारों प्रतिभागी एक साथ दौड़ते नजर आएंगे। इस मेगा इवेंट को लेकर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में व्यापक तैयारी की है।मैराथन के आयोजन के कारण शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव....
राजधानी पटना की सड़कों पर रविवार (15 मार्च) की सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित ‘पटना मैराथन’ में हजारों प्रतिभागी एक साथ दौड़ते नजर आएंगे। इस मेगा इवेंट को लेकर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में व्यापक तैयारी की है।मैराथन के आयोजन के कारण शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव), अटल पथ समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मैराथन के दौरान जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं चिल्ड्रेन पार्क से आयुक्त कार्यालय होते हुए जेपी गंगा पथ के अंडरपास के दोनों लेन पर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।इसके अलावा अटल पथ की एक लेन पर निर्धारित समय तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। अशोक राजपथ पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दानापुर की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिस लाइन तिराहा से ही बुद्ध मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा।वहीं फ्रेजर रोड और एग्जीबिशन रोड से गांधी मैदान गेट नंबर-1 की ओर जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर भी अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।
सुबह 3:30 बजे शुरू होगी मैराथन
पटना मैराथन का आयोजन रविवार सुबह 3:30 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-1 से शुरू होगा। इस आयोजन में अलग-अलग श्रेणियों की दौड़ आयोजित की जाएगी।फुल मैराथन: 42.2 किलोमीटर,हाफ मैराथन: 21.1 किलोमीटर,10 किलोमीटर रन,5 किलोमीटर रन। यह पूरा कार्यक्रम सुबह 7:15 बजे तक चलेगा।मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और मेहमानों के लिए गांधी मैदान में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वीआईपी/वीवीआईपी प्रवेश: गेट नंबर 12
प्रतिभागियों के लिए प्रवेश: गेट नंबर 5
मीडिया के लिए प्रवेश: गेट नंबर 10
अन्य लोगों के लिए प्रवेश: गेट नंबर 6













