उन्नाव में डबल डेकर बस पलटी, बिहार पुलिस के दरोगा समेत 6 की मौत
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही डबल...
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर AC बस औरास थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के दरोगा और एक कैदी समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 3 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे।
दरोगा और कैदी की मौत
मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। अन्य 4 मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने की वजह से बस अनियंत्रित हुई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। अधिकतर यात्री बिहार के बस्ती, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के बताए जा रहे हैं।
मौके पर मची चीख-पुकार
बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक्सप्रेस-वे के किनारे ढलान वाली जगह पर कई घायल तड़पते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
करीब 6 से 7 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में घायल दर्द से कराहते रहे और फर्श पर खून फैला नजर आया।
गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। कुछ घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। एक महिला यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बिहार सरकार ने जताया शोक
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने का काम जारी है।













