बांकीपुर उपचुनाव : मतदाता जागरूकता के लिए चलेगा सघन अभियान, घर-घर जाकर वोटर पर्ची देंगे बीएलओ
उपविकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की अधिक से अधिक सहभागिता आवश्यक है। इसलिए सभी स्तरों पर मतदाताओं को वोटिंग के लिए प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वहींं, विधानसभा उपचुनाव से जुड़े मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण समाहरणालय में हुआ जिसमें ईवीएम-वीवी पैट के संचालन समेत चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
DESWA DESK : बांकीपुर उपचुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए सघन मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वीप के वरीय पदाधिकारी एवं उपविकास आयुक्त शुभम कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। उपविकास आयुक्त ने कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर मतदाता जागरूकता से संबंधित बैनर-पोस्टर लगाए जाएं।
कार्यक्रम बनाकर मतदाता जागरूकता रैली, काॅलेज के विद्यार्थियों तथा विभिन्न समूहों के बीच मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, जागरूकता रथ, मतदान के लिए शपथ, रंगोली, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वोटर को पर्ची देने के साथ-साथ वोट के लिए जागरूक करने के कार्य भी किए जाएंगे।
उपविकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की अधिक से अधिक सहभागिता आवश्यक है। इसलिए सभी स्तरों पर मतदाताओं को वोटिंग के लिए प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वहींं, विधानसभा उपचुनाव से जुड़े मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण समाहरणालय में हुआ जिसमें ईवीएम-वीवी पैट के संचालन समेत चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 15 जुलाई तक चलेगा। ये प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर फिर मतदान दल के कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। मतदान दल के कर्मियों का प्रशिक्षण 16, 17 एवं 18 जुलाई को पटना हाईस्कूल, गर्दनीबाग में होगा। इन कर्मियों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 23 एवं 24 जुलाई को पटना हाईस्कूल, गर्दनीबाग में ही होगा।
29 जुलाई को समाहरणालय में ईवीएम संग्रहण दल का प्रशिक्षण होगा, जबकि मतगणना कार्य से जुड़े पदाधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण 29 जुलाई को तथा द्वितीय प्रशिक्षण 2 अगस्त को समाहरणालय के मुख्य सभागार में होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने मतदान एवं मतगणना से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे पूरे मनोयोग से चुनाव संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करें जिससे कि मतदान अथवा मतगणना के समय उन्हें किसी कठिनाई का सामना करना न पड़े।