BPSC TRE-4 Protest: पुलिस बनाम अभ्यर्थी, पटना में बढ़ा तनाव

बिहार में BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को एक बार फिर राजधानी पटना में हजारों कैंडिडेट्स प्रदर्शन के लिए जुट रहे...

BPSC TRE-4 Protest: पुलिस बनाम अभ्यर्थी, पटना में बढ़ा तनाव

बिहार में BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को एक बार फिर राजधानी पटना में हजारों कैंडिडेट्स प्रदर्शन के लिए जुट रहे हैं। इस बार महिला अभ्यर्थी बेलन और थाली लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। छात्र नेता खुशबू पाठक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि पटना कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Patna College के बाहर हाई अलर्ट

प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11 बजे पटना कॉलेज से होनी है। यहां से अभ्यर्थी मार्च करते हुए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय तक जाएंगे। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने आंदोलन को नियंत्रित करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पटना कॉलेज के आसपास भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जो भी छात्र प्रदर्शन में शामिल होने पहुंच रहे हैं, उन्हें हिरासत में लेकर थाने भेजा जा रहा है। हालात को देखते हुए वाटर कैनन की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई है।

खुशबू पाठक हिरासत में

आंदोलन को लेकर सक्रिय छात्र नेता खुशबू पाठक को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया है। इससे अभ्यर्थियों में और नाराजगी बढ़ गई है। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।

प्रशासन और कोचिंग संचालकों की बैठक

प्रदर्शन से एक दिन पहले मंगलवार को प्रशासन ने पटना के कई शिक्षकों और कोचिंग संचालकों के साथ अहम बैठक की। बैठक में ASP, SDM समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों से साफ कहा कि वे छात्रों को उग्र प्रदर्शन के लिए प्रेरित न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने चेतावनी दी कि अगर किसी हिंसक गतिविधि में किसी शिक्षक की भूमिका सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी।

8 मई को हुआ था लाठीचार्ज

इससे पहले 8 मई को भी TRE-4 अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से जेपी गोलंबर तक मार्च निकाला था। उस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया था।

अभ्यर्थियों का आरोप था कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कई छात्रों के सिर फट गए थे, जबकि महिला अभ्यर्थियों के साथ बदसलूकी के आरोप भी लगे थे।

प्रदर्शन के बाद सड़क पर छात्रों की चप्पलें बिखरी दिखाई दी थीं और कई अभ्यर्थियों के कपड़े खून से सने हुए नजर आए थे। विरोध में कुछ छात्रों ने आधे कपड़े उतारकर सड़क पर बैठकर नारेबाजी भी की थी।

अभ्यर्थियों की मांग क्या है?

बता दें कि TRE-4 अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि बिहार सरकार जल्द से जल्द शिक्षक भर्ती परीक्षा की चौथी चरण की वैकेंसी जारी करे। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में देरी हो रही है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।