मुजफ्फरपुर में परिवहन विभाग की टीम पर हमला, गाड़ी तोड़ी—बाल-बाल बचे अधिकारी
बिहार में पुलिस और सरकारी कर्मियों पर हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मुजफ्फरपुर में परिवहन विभाग की टीम पर सुनियोजित....
बिहार में पुलिस और सरकारी कर्मियों पर हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार मुजफ्फरपुर में परिवहन विभाग की टीम पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया, जिसमें सरकारी वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।घटना कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा नेता चौक की है। जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम इलाके में वाहनों की जांच कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने टीम को निशाना बना लिया।
बाल-बाल बचे अधिकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों के हाथ में लाठी-डंडे थे और उन्होंने अचानक टीम की गाड़ी पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते वाहन पर जमकर पत्थरबाजी की गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।इस हमले में इंफोर्समेंट सब-इंस्पेक्टर (ESI) और उनकी टीम किसी तरह मौके से जान बचाकर निकलने में सफल रही। बता दें कि ESI किसी तरह जान बचाकर मुख्यालय लौटे और डीटीओ को मामले की जानकारी दी। हालांकि, शुक्रवार देर रात तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। बताया जाता है डीएम के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। परिवहन विभाग के गाड़ी पर अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने कांटी थाना पुलिस को जानकारी दी। हालांकि, जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। जिला परिवहन पदाधिकारी कुमार सतेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार को टीम जांच के बाद लौट रही थी, तभी नरसंडा में घेरकर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जिला पदाधिकारी (DM) को दी जाएगी और उनके निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रहा है। वहीं, लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने सरकारी टीमों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है
।













