बिहार में बेलगाम बालू माफिया, कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला,ट्रैक्टर की टक्कर से एएसआई घायल
बिहार में अवैध बालू खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नवादा जिले में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर...
बिहार में अवैध बालू खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नवादा जिले में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर पर छापेमारी शुरू कर दी है।
अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
घटना नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के केसरिया गांव की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बालू खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए नारदीगंज थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) नागेंद्र कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एएसआई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
पीएमसीएच रेफर किए गए घायल एएसआई
घटना के तुरंत बाद घायल एएसआई को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान ने विशेष टीम का गठन किया है। एसडीपीओ राहुल कुमार की निगरानी में कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे अवैध खनन नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
अवैध खनन पर सख्ती की तैयारी
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध बालू खनन और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि अवैध खनन माफियाओं की बढ़ती आक्रामकता प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। घटना के बाद केसरिया गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।













