पटना में बनेगा BJP का भव्य हाईटेक प्रदेश मुख्यालय, 200 करोड़ की लागत,सुरक्षा और टेक्नोलॉजी पर फोकस
बिहार भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही एक नया, भव्य और अत्याधुनिक प्रदेश मुख्यालय मिलने जा रहा है। राजधानी पटना में पाटली पथ के समीप, पाटलिपुत्र जंक्शन के पीछे स्थित भूखंड पर इस हाईटेक कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आने वाले चुनावी परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए इस मुख्यालय को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित ...
बिहार भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही एक नया, भव्य और अत्याधुनिक प्रदेश मुख्यालय मिलने जा रहा है। राजधानी पटना में पाटली पथ के समीप, पाटलिपुत्र जंक्शन के पीछे स्थित भूखंड पर इस हाईटेक कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आने वाले चुनावी परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए इस मुख्यालय को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद होगा निर्माण कार्य शुरू
पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व से अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। प्रस्तावित प्रदेश मुख्यालय लगभग 13 से 15 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में बनाया जाएगा, जिस पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।नए प्रदेश मुख्यालय का नक्शा और वास्तु डिजाइन दिल्ली से विशेष रूप से तैयार कराया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय निर्माण समिति की बैठक में इस भवन की डिजाइन और संरचना की गहन समीक्षा पहले ही की जा चुकी है। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से अंतिम मंजूरी मिलते ही इस परियोजना को औपचारिक रूप से हरी झंडी दे दी जाएगी।
जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पाटलिपुत्र स्टेशन के पास स्थित जमीन पहले ही प्रदेश कार्यालय के लिए खरीदी जा चुकी है। हालांकि, मौजूदा पुराना प्रदेश मुख्यालय भी पहले की तरह संचालित होता रहेगा और उसका उपयोग जारी रहेगा।नए प्रदेश मुख्यालय में सुरक्षा और आधुनिक तकनीक को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। प्रवेश द्वार से लेकर निकास तक पूरे परिसर को सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा। इसके साथ ही भवन में डिजिटल वॉर रूम
,अत्याधुनिक कॉल सेंटर,आईटी सेल और चुनाव प्रबंधन कक्ष व्यवस्था की जाएगी, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीतियों को और अधिक धार दी जा सके।
नेताओं और मंत्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं
प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन), सभी प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार में शामिल भाजपा के सभी मंत्रियों के लिए भी अत्याधुनिक और सुविधाजनक केबिन तैयार किए जाएंगे।नया प्रदेश मुख्यालय बिहार भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और राजनीतिक तैयारियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। आधुनिक ढांचे और तकनीकी सुविधाओं से लैस यह भवन पार्टी की भविष्य की रणनीतियों को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













