भोजपुर की बेटी आकांक्षा सिंह ने UPSC में पाई 301वीं रैंक, दादा ब्रह्मेश्वर मुखिया के सपने को किया पूरा
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया। इस परिणाम में बिहार के भोजपुर जिले की बेटी आकांक्षा सिंह ने 301वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।खास बात यह है कि आकांक्षा सिंह रणवीर सेना के पूर्व सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं। वर्ष 2012 में ब्रह्मेश्वर मुखिया..............
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया। इस परिणाम में बिहार के भोजपुर जिले की बेटी आकांक्षा सिंह ने 301वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।खास बात यह है कि आकांक्षा सिंह रणवीर सेना के पूर्व सुप्रीमो रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं। वर्ष 2012 में ब्रह्मेश्वर मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी पोती की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
दिल्ली जाकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की
आकांक्षा ने आरा के डीके जैन कॉलेज से अंग्रेजी विषय में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। लगातार मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई करते हुए दूसरे प्रयास में उन्होंने यह सफलता हासिल कर ली।जैसे ही आरा के कतिरा मोहल्ले में आकांक्षा की सफलता की खबर पहुंची, परिवार और आसपास के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
माता-पिता के समर्पण और दादा से मिली प्रेरणा
आकांक्षा सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के समर्पण और दादा से मिली प्रेरणा को दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें भारतीय राजस्व सेवा (IRS) कैडर मिला है, लेकिन उनका लक्ष्य भारतीय विदेश सेवा (IFS) में जाना है। इसके लिए वह आगे भी बेहतर रैंक हासिल करने की कोशिश जारी रखेंगी।आकांक्षा का कहना है कि अगर इच्छा शक्ति मजबूत हो और तैयारी लगातार की जाए, तो यह मायने नहीं रखता कि आप किस जगह से आते हैं। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान वह रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं और दिल्ली में कोचिंग लेकर अपनी रणनीति तैयार की।
पिता इंदुभूषण सिंह ने खुशी जताते हुए कहा ...
बेटी की इस उपलब्धि पर पिता इंदुभूषण सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि उनके पिता ब्रह्मेश्वर मुखिया हमेशा चाहते थे कि परिवार से कोई यूपीएससी पास कर बड़ा अधिकारी बने। आज आकांक्षा ने वह सपना पूरा कर दिया है। वहीं मां रिंकू सिंह ने इसे ईश्वर का आशीर्वाद बताया। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं—बेटी अब अधिकारी बन गई है, जबकि बेटा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया
वहीं, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में कुल 958 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इस साल पहले स्थान पर राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है। बिहार से भी कई प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है।बिहार के सफल उम्मीदवारों में मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने चौथा स्थान, पटना के उज्ज्वल प्रियांक ने दसवां स्थान, औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्तव ने 16वां स्थान और नवादा के रविराज ने 20वां स्थान हासिल किया है। वहीं बेगूसराय की रूचि सिंह ने 171वीं रैंक प्राप्त की है।













