"विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत— निशांत कुमार", पोस्टरों से पटा JDU दफ्तर
बिहार की राजनीति में जल्द एक नया चेहरा सक्रिय होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब औपचारिक तौर पर राजनीति में कदम रखने वाले हैं। इस खबर के सामने आते ही जदयू के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए हैं। पूरे पार्टी परिसर में निशांत....
बिहार की राजनीति में जल्द एक नया चेहरा सक्रिय होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब औपचारिक तौर पर राजनीति में कदम रखने वाले हैं। इस खबर के सामने आते ही जदयू के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए हैं। पूरे पार्टी परिसर में निशांत कुमार के स्वागत और अभिनंदन के पोस्टर लगे हुए हैं, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्साह से भरा नजर आ रहा है।
पोस्टरों में लिखा – विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत
पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार की तस्वीरें साथ में लगाई गई हैं। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है -विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत – निशांत कुमार। इस संदेश के जरिए पार्टी कार्यकर्ता यह संकेत देने की कोशिश कर रहे हैं कि निशांत कुमार का राजनीति में आना बिहार की राजनीति में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।
8 मार्च को लेंगे जदयू की सदस्यता
सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि इस फैसले की जानकारी पार्टी के सभी विधायकों को दे दी गई है। वहीं राजनीतिक पारी शुरू करने से पहले ही निशांत कुमार सक्रिय नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर करीब 24 विधायकों के साथ बैठक की। इस बैठक में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता और युवा विधायक भी मौजूद रहे। इस बैठक को निशांत कुमार की राजनीतिक शुरुआत की अहम कड़ी माना जा रहा है।
नीतीश कुमार की तरह करेंगे जनता से संवाद
बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल होते ही निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर चलते हुए जनता के बीच जाएंगे।नीतीश कुमार अपनी जनसंपर्क यात्राओं के लिए जाने जाते हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए निशांत भी सबसे पहले यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, उनकी राय समझेंगे और अपने आगे के राजनीतिक एजेंडे को साझा करेंगे।इधर राज्यसभा नॉमिनेशन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर जाने वाले हैं। वहां वे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।













