बिहार में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा फैसला: 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की होगी भर्ती, हर जुलाई निकलेगा विज्ञापन
बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति करेगी। इसके तहत हर साल करीब 20 हजार शिक्षकों...
बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति करेगी। इसके तहत हर साल करीब 20 हजार शिक्षकों की बहाली की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
हर साल जुलाई में निकलेगा शिक्षक भर्ती विज्ञापन
शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाए। इसके लिए हर वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया में देरी न हो और स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जा सके।
महिला शिक्षकों को गृह जिले में पोस्टिंग देने की तैयारी
बैठक में शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि महिला शिक्षकों का तबादला उनके गृह जिले या पंचायत के आसपास करने की व्यवस्था बनाई जाए। वहीं पुरुष शिक्षकों को भी उनके गृह प्रखंड के आसपास पोस्टिंग देने की नीति तैयार करने को कहा गया है। सरकार का मानना है कि इससे शिक्षकों को कामकाज में सुविधा मिलेगी और वे पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दे सकेंगे।
जीविका समूहों के जरिए मिलेगी स्कूल ड्रेस
सरकार ने स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली पोशाक व्यवस्था में भी बदलाव का फैसला लिया है। अब छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस जीविका समूहों के माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। इससे बच्चों को समय पर पोशाक मिल सकेगी, वहीं महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलेगा।
शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नई शिक्षक भर्ती, ट्रांसफर नीति और जीविका समूहों को जोड़ने जैसे फैसलों से शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।













