पटना में देर रात भीषण आग, 5 मिनट में धू-धू कर जली पूरी बिल्डिंग,दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदली रोड पर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महज 5 मिनट के भीतर पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार नामक व्यक्ति....
राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदली रोड पर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और महज 5 मिनट के भीतर पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार नामक व्यक्ति के घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदार और घरों में रह रहे लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरा इलाका दहशत और हड़कंप से भर गया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन दलदली रोड की संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए साइड से सीढ़ी लगाकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।करीब ढाई घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 5:30 बजे तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।मौके पर छोटी-बड़ी मिलाकर करीब 10 दमकल गाड़ियां पहुंची थीं। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सब कुछ जलकर राख
इस भीषण आग में घर के अंदर रखा सारा सामान—फर्नीचर, फ्रिज और अन्य घरेलू वस्तुएं—पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार के अनुसार, प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल, अग्निशमन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। बता दें कि आग में घर के अंदर रखा फर्नीचर, फ्रिज और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि दमकल की समय पर कार्रवाई से आसपास के घरों में आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।













