केवटी BDO पर EOU का बड़ा एक्शन, 6 ठिकानों पर छापेमारी में 89 लाख से ज्यादा की संदिग्ध संपत्ति उजागर
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चन्द्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में व्यापक छापेमारी....
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) चन्द्रमोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में व्यापक छापेमारी शुरू की है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
आर्थिक अपराध इकाई द्वारा दर्ज कांड संख्या-09/26, दिनांक 26 मई 2026 के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की टीम ने एक साथ छह ठिकानों पर दबिश दी।
छापेमारी दरभंगा जिले के बहादुरपुर स्थित निजी आवास, केवटी स्थित सरकारी आवास और कार्यालय, साथ ही मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक और व्यावसायिक परिसरों समेत कुल छह स्थानों पर जारी है। जांच एजेंसियां दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, जमीन से जुड़े कागजात और डिजिटल डेटा की गहन पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में लगभग 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रारंभिक खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 81.03 प्रतिशत अधिक है। इस खुलासे के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामला सिर्फ संपत्ति तक सीमित नहीं है। वित्तीय लेनदेन, संभावित बेनामी निवेश और अन्य संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि कई निवेश और संपत्तियां छिपाकर रखी गई हो सकती हैं, जिनकी पुष्टि दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड के जरिए की जा रही है।













