JEE Advanced 2026 : बिहार के लाल शुभम कुमार ने रचा इतिहास, देशभर में लहराया परचम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

गयाजी जिले के नथरागंज स्थित ब्राह्मणी घाट के रहने वाले बेहद प्रतिभावान छात्र शुभम कुमार ने जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल कर पूरे देश में बिहार का नाम रोशन किया है। एक साधारण मोहल्ले से निकलकर शुभम ने जो इतिहास रचा है, उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है।

JEE Advanced 2026 : बिहार के लाल शुभम कुमार ने रचा इतिहास, देशभर में लहराया परचम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

DESWA DESK : बिहार की ज्ञानभूमि गयाजी से एक बार फिर शिक्षा जगत की सबसे बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। गयाजी जिले के नथरागंज स्थित ब्राह्मणी घाट के रहने वाले बेहद प्रतिभावान छात्र शुभम कुमार ने जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल कर पूरे देश में बिहार का नाम रोशन किया है। एक साधारण मोहल्ले से निकलकर शुभम ने जो इतिहास रचा है, उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है।

शानदार स्कोर के साथ बने देश के टॉपर
आईआईटी (IIT) में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक जेईई एडवांस्ड 2026 में शुभम ने 360 में से 330 अंक हासिल कर अखिल भारतीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। दिलचस्प बात यह है कि शुभम की यह सफलता कोई तुक्का नहीं है, बल्कि उनकी निरंतर कड़ी मेहनत का परिणाम है। इससे पहले वे जेईई मेन (JEE Main) 2026 के दोनों सत्रों में 100 परसेंटाइल (Percentile) अंक हासिल कर पहले ही अपनी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवा चुके है।

मोहल्ले में जश्न का माहौल
शुभम की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर जैसे ही उनके गृह जिले गया पहुंची, नथरागंज और ब्राह्मणी घाट इलाके में जश्न का माहौल हो गया। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग मिठाइयाँ बांटकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो सीमित संसाधनों के बीच भी देश के सबसे ऊंचे शिखर पर पहुंचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी हार्दिक बधाई
शुभम कुमार की इस अभूतपूर्व सफलता पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। अफने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा है कि जेईई एडवांस्ड-2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में बिहार का नाम गौरवान्वित करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
आपकी अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा ने लाखों युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आपके उज्ज्वल भविष्य की नई ऊंचाइयों का आधार बने, यही कामना है।

सफलता का मूल मंत्र
अपनी इस शानदार सफलता पर शुभम कुमार ने बेहद सादगी से कहा कि उन्होंने कभी रैंक के लिए पढ़ाई नहीं की, बल्कि उनका ध्यान हमेशा कॉन्सेप्ट्स को समझने और निरंतर अभ्यास करने पर था। उन्होंने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता के अटूट समर्थन और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। बिहार के इस लाल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या चकाचौंध की मोहताज नहीं होती। शुभम की इस ऐतिहासिक उड़ान पर पूरे देश को गर्व है।