पटना में बड़ा रेल हादसा टला, इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस पार्सल वैन से टकराई

बिहार की राजधानी पटना में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस एक पार्सल वैन से टकरा गई। गनीमत रही कि समय रहते वैन चालक कूद गया और ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।यह घटना फतुहा स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले नियाज़ीपुर गांव के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। बताया जा रहा है कि एक बंद गुमटी के पास पार्सल वैन चालक जबरन ट्रैक पार....

पटना में बड़ा रेल हादसा टला, इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस पार्सल वैन से टकराई

बिहार की राजधानी पटना में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस एक पार्सल वैन से टकरा गई। गनीमत रही कि समय रहते वैन चालक कूद गया और ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।यह घटना फतुहा स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले नियाज़ीपुर गांव के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। बताया जा रहा है कि एक बंद गुमटी के पास पार्सल वैन चालक जबरन ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान 18623 इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस तेज रफ्तार में वहां पहुंच गई।

 वैन के परखचे उड़ गए
ट्रेन को बेहद करीब देखकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वैन छोड़ दी और कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही सेकंड बाद ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन के परखचे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वैन को ट्रैक से हटाया, जिसमें करीब दो घंटे का समय लगा।

 यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना 
इस दौरान रात 8:20 बजे से 10:20 बजे तक इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में ट्रैक को साफ कर परिचालन सामान्य किया गया। ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि टक्कर की आवाज बेहद तेज थी, जिससे कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अवैध रेलवे क्रॉसिंग पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बंद फाटक या अनधिकृत रास्तों से ट्रैक पार करने की कोशिश न करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।