कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस-पिकअप टक्कर में 13 की मौत, 32 से ज्यादा घायल

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 10 महिलाएं, 2 पुरुष और एक मासूम बच्ची शामिल हैं। इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया, जिनमें एक ही परिवार के 5 लोग भी शामिल हैं। यह भीषण दुर्घटना कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित NH-31 पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों .....

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: बस-पिकअप टक्कर में 13 की मौत, 32 से ज्यादा घायल

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 10 महिलाएं, 2 पुरुष और एक मासूम बच्ची शामिल हैं। इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया, जिनमें एक ही परिवार के 5 लोग भी शामिल हैं। यह भीषण दुर्घटना कटिहार के कोढ़ा प्रखंड स्थित NH-31 पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस (100 किमी/घंटा से अधिक) ने पहले दो बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप वैन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और शव सड़क पर बिखर गए।

चश्मदीदों की जुबानी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त बस चालक नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था।अचानक जोरदार धमाका हुआ, जैसे बम फटा हो। चारों तरफ लाशें और घायल लोग नजर आ रहे थे।एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि ड्राइवर टक्कर के बाद भागने की कोशिश में और तेज चला रहा था, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।हादसे में 32 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर गंभीर रूप से घायल लोगों को पूर्णिया जीएमसी रेफर किया गया है। 

 झारखंड से लौट रहे थे यात्री
दरअसल पिकअप में सवार सभी लोग झारखंड से एक धार्मिक मेले से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन में 22-25 लोग सवार थे।एक घायल ने बताया “हम लोग घर पहुंचने ही वाले थे, तभी अचानक जोरदार टक्कर हुई… मेरे बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल बस  (BR34G0110) पूरी तरह से अनफिट थी। बस का रजिस्ट्रेशन खगड़िया जिला से है, जिसे बंगाल में चलाने की अनुमति है। यह 36 सीटर बस (अशोक लीलैंड) पिछले कई सालों से पूरी तरह अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रही थी।यात्री बस का फिटनेस सर्टिफिकेट 19 जून 2021 को ही समाप्त हो चुका है, यानी ये बस सड़क पर चलने के लायक ही नहीं थी। इसके अलावा, बस का इंश्योरेंस 31 जनवरी 2022 और प्रदूषण प्रमाणपत्र 3 सितंबर 2021 से एक्सपायर है।

रेस्क्यू ऑपरेशन का भयावह मंजर
बता दें कि सड़क के बीचों-बीच बस और पिकअप दोनों गाड़ियां इस तरह टकराई थीं कि पहचानना मुश्किल हो रहा था कि कौन सा हिस्सा किस गाड़ी का है। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। शीशे के टुकड़े, लोहे के मुड़े हुए हिस्से और टूटे सामान सड़क पर बिखरे पड़े थे।चारों तरफ चीख-पुकार मची थी।  कुछ गाड़ियों के बीच फंसे हुए थे।किसी का हाथ बस के नीचे दबा हुआ था, तो किसी का पैर बुरी तरह कुचल गया था। कई लोग खून से लथपथ सड़क पर पड़े मदद के लिए कराह रहे थे।

सरकार का मुआवजा ऐलान
मिली जानकारी के मुताबिक बता दें कि प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसी रेफर किया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू शुरू किया गया। क्रेन से गाड़ियों को हटाकर सड़क पर जाम खत्म कराया गया। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है। CM ने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद का ऐलान किया है। 

प्रशासन की कार्रवाई
वहीं SP शिखर चौधरी ने बताया कि पिकअप और बस की आमने-सामने की टक्कर हुई है। 27 लोगों का इलाज चल रहा है। इस संबंध में हम एक एक्सीडेंटल FIR भी कर रहे हैं। बस का ड्राइवर घायल है। उसका भी इलाज चल रहा है। कानूनी प्रक्रिया भी की जा रही है। उसके तहत हताहत लोगों को मुआवजा दिया जाएगा।DM आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि पूर्णिया की ओर से बस आ रही थी। इस दौरान पिकअप और बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें कई लोग हताहत हैं। घायलों को मुख्यमंत्री कोष से दो लाख रुपए दिए जाएंगे। सभी घायलों के परिजन आ गए हैं। बता दें कि यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही और नियमों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण है। अनफिट वाहन, तेज रफ्तार और ड्राइवर की कथित नशे की हालत ने मिलकर 13 जिंदगियां छीन लीं।