सावन की पहली सोमवारी कल : सुल्तानगंज से बाबा धाम तक उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सीसीटीवी और ड्रोन से 24 घंटे निगरानी
रविवार की शाम ढलते ही सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक का पूरा कांवरिया पथ केसरिया रंग में रंग चुका है। पहली सोमवारी को बाबा के दरबार में जल अर्पित करने की होड़ में लाखों श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर होकर निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं।
DESWA DESK : सावन की पहली सोमवारी कल यानी तीन अगस्त को है, और बाबा नगरी देवघर सजधज कर तैयार हो गया है। सावन की पहली सोमवारी को लेकर सुल्तानगंज के पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक पूरा मेला क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा है। पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को ही सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट और पारंपरिक उत्तरवाहिनी घाट पर करीब आठ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जो गंगाजल भरकर कठिन कांवर यात्रा के लिए रवाना होंगे।
इस बार श्रद्धालुओं की पहली पसंद सुल्तानगंज का नया और भव्य बना नमामि गंगे घाट बन रहा है। उत्तरवाहिनी के पुराने घाट के मुकाबले इसे काफी आधुनिक, सुरक्षित और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान और जल भरने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। मेला क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक.चौबंद की गई है। भक्तों के वेश में पुलिस, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए मेला क्षेत्र में दंडाधिकारी और पुलिसकर्मी आम कांवरियों के वेश में तैनात रहेंगे।
सुल्तानगंज से लेकर पूरे कच्ची कांवरिया पथ पर 15 नए अस्थायी पुलिस स्टेशन बनाए गए हैं। दंडाधिकारी, होमगार्ड और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है। करीब चार हजार जवानों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
कांवरियों की सुविधा और विश्राम के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं ने पुख्ता व्यवस्था की है। तीन हजार लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में आधुनिक टेंट सिटी, स्विस कॉटेज, धर्मशालाएं और अस्थायी आवास बनाए गए हैं, जहां एक समय में लगभग तीन हजार श्रद्धालु आराम कर सकते हैं।
लंबी यात्रा पर निकलने वाले भक्तों को शुद्ध और कम दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए जीविका दीदी की ओर से रियायती दरों पर भोजन और नाश्ते के स्टॉल लगाए गए हैं। रविवार की शाम ढलते ही सुल्तानगंज से लेकर देवघर तक का पूरा कांवरिया पथ केसरिया रंग में रंग चुका है। पहली सोमवारी को बाबा के दरबार में जल अर्पित करने की होड़ में लाखों श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर होकर निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं।













