मॉनसून को लेकर आई बड़ी खुशखबरी: 4 जून को केरल में देगा दस्तक, जून के दूसरे हफ्ते में बिहार में प्रवेश की उम्मीद
भीषण गर्मी से जूझ रहे बिहार समेत पूरे देश के लिए राहत की बड़ी खबर है। मौसम का मिजाज बदलने वाला है और तपती धूप से परेशान लोगों को जल्द ही झुलसाने वाली लू से राहत मिलने वाली है।
DESWA DESK : भीषण गर्मी से जूझ रहे बिहार समेत पूरे देश के लिए राहत की बड़ी खबर है। मौसम का मिजाज बदलने वाला है और तपती धूप से परेशान लोगों को जल्द ही झुलसाने वाली लू से राहत मिलने वाली है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी सामान्य रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और 4 जून को केरल के तट पर दस्तक दे देगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने इस साल सामान्य से बेहतर और भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, केरल में 4 जून को एंट्री करने के बाद मॉनसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा।
पूर्वोत्तर भारत में 5 से 7 जून के बीच झमाझम बारिश की उम्मीद है, जनकि 20 जून तक बिहार के सभी जिलों में सक्रिय होने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल 'अल नीनो' का प्रभाव खत्म हो रहा है और 'ला नीना' की स्थितियां बन रही हैं। यह मॉनसून के लिए बेहद अनुकूल है। देश के अधिकांश हिस्सों में इस बार सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होगी।
केरल में मॉनसून की दस्तक की खबर आते ही बिहार के ग्रामीण इलाकों में हलचल तेज हो गई है। यह खबर सूबे के किसानों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। समय पर मॉनसून आने से किसान अब समय पर धान की बुआई की तैयारी कर सकेंगे।
पिछले कुछ हफ्तों से गिरते भूजल स्तर (वाटर लेवल) की समस्या से भी इस बारिश के बाद निजात मिलने की उम्मीद है। भले ही केरल में मॉनसून आने वाला है, लेकिन बिहार के लोगों को अभी एक हफ्ते और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
पटना, गया, बक्सर और शेखपुरा समेत कई जिलों में तापमान अब भी 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में 'हीटवेव' (लू) का अलर्ट जारी रखा है और लोगों को दोपहर में बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी है।













