बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर, 27 जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट
बिहार में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत घने कोहरे की चादर के साथ हो रही है, वहीं तापमान में लगातार तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के 27 जिलों के लिए शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।एक ओर ठंडी पछुआ हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, तो दूसरी ओर दिन के समय भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। नालंदा, गोपालगंज, छपरा सहित कई जिलों में घना........
बिहार में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह की शुरुआत घने कोहरे की चादर के साथ हो रही है, वहीं तापमान में लगातार तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के 27 जिलों के लिए शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।एक ओर ठंडी पछुआ हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, तो दूसरी ओर दिन के समय भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है। नालंदा, गोपालगंज, छपरा सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता में भारी कमी आई है। बढ़ती ठंड को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का निर्णय लिया है।
दिन और रात के तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर
मौसम विभाग के अनुसार, पटना में बीते 24 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में लगभग 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में महज 2.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने के कारण दिन के समय भी ठंड का असर बना रहा। हालांकि कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए धूप भी नजर आई।
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे राज्य के 27 जिलों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं। इन इलाकों में शीतलहर का असर तेज रहने के साथ-साथ घने कोहरे की स्थिति भी बनी रह सकती है, जिससे विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं के प्रभाव से शीतलहर और अधिक तेज हो सकती है। वहीं 19 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में घने से घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
शीतलहर का अधिक प्रभाव रहने की संभावना
जिन जिलों में शीतलहर का अधिक प्रभाव रहने की संभावना है, उनमें सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, अरवल, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, दरभंगा, बेगूसराय और मधुबनी शामिल हैं।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहें, आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और बच्चों व बुजुर्गों की विशेष देखभाल करें।













