बेऊर जेल से एंबुलेंस में विधानसभा पहुंचे बाहुबली अनंत सिंह, ली विधायक की शपथ,CM नीतीश के पैर छुए
बाहुबली नेता अनंत सिंह ने आज मंगलवार को विधायक की शपथ ली। वो बेऊर जेल से एंबुलेंस से विधानसभा पहुंचे। शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने सीएम नीतीश के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान सीएम नीतीश ने अनंत सिंह के तिलक के बारे में पूछा।इसके बाद अनंत सिंह जाकर अपनी सीट पर बैठ गए। बेऊर जेल से वो एंबुलेंस....
बाहुबली नेता अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें बेऊर जेल से एंबुलेंस के माध्यम से विधानसभा लाया गया। शपथ ग्रहण के दौरान विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।अनंत सिंह के शपथ समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और किसी भी प्रकार की भीड़ को विधानसभा परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी बनी रही।
माइक बंद, बिना पढ़े ली शपथ
शपथ ग्रहण के दौरान अनंत सिंह का माइक बंद था। इसके बावजूद उन्होंने बिना शपथ पत्र पढ़े स्पष्ट शब्दों में कहा मैं अनंत सिंह, ईश्वर की शपथ लेता हूं। सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा।मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा। मैं बिहार राज्य के विधानसभा के सदस्य के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करूंगा।शपथ पूरी होने के बाद अनंत सिंह सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपनी निर्धारित सीट पर जाकर बैठ गए। लगभग 10 मिनट के भीतर ही वे विधानसभा से निकलकर दोबारा बेऊर जेल के लिए रवाना हो गए।
स्पीकर से भी की मुलाकात
शपथ ग्रहण के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से भी शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण शपथ लेने में देरी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत की अनुमति मिलने के बाद ही वे विधानसभा पहुंचे हैं।उन्होंने कहा, जेल से बाहर आना मेरे हाथ में नहीं है। जब जज साहब चाहेंगे, तभी बाहर आऊंगा।
कोर्ट की सशर्त अनुमति पर पहुंचे विधानसभा
दरअसल, पटना सिविल कोर्ट के आदेश के बाद अनंत सिंह के शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हुआ। कोर्ट ने उन्हें केवल शपथ लेने की अनुमति दी थी। शपथ समारोह के अलावा किसी भी अन्य गतिविधि में शामिल होने पर रोक लगाई गई थी।अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी हैं और फिलहाल उन्हें जमानत नहीं मिली है। वे पिछले करीब तीन महीनों से बेऊर जेल में बंद हैं।













