बिहार विधानसभा में सियासत के बीच मुस्कान, नीतीश बोले–तुम भी ताली बजाओ, हंस पड़े तेजस्वी

बिहार विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ हुई। करीब 30 मिनट के अपने संबोधन में राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं सत्र के पहले ही दिन सदन में सियासी गर्माहट के साथ-साथ मानवीय और हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले, जो खास चर्चा का विषय बन गए।राज्यपाल जैसे ही कानून-व्यवस्था पर बोले, उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। यह देख मुख्यमंत्री.....

बिहार विधानसभा में सियासत के बीच मुस्कान, नीतीश बोले–तुम भी ताली बजाओ, हंस पड़े तेजस्वी

बिहार विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ हुई। करीब 30 मिनट के अपने संबोधन में राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं सत्र के पहले ही दिन सदन में सियासी गर्माहट के साथ-साथ मानवीय और हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले, जो खास चर्चा का विषय बन गए।राज्यपाल जैसे ही कानून-व्यवस्था पर बोले, उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। यह देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी हंस पड़े। सत्ता और विपक्ष के बीच इस सहज क्षण ने सदन का माहौल कुछ देर के लिए हल्का कर दिया।

व्हीलचेयर पर पहुंचे तेजस्वी
वहीं बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पैर के अंगूठे के ऑपरेशन के बाद व्हीलचेयर पर विधानसभा पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे हालचाल पूछा। जवाब में तेजस्वी ने हाथ के इशारे से ‘ठीक हूं’ कहा। इतना ही नहीं जब सेंट्रल हॉल में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सत्ताधारी दल के विधायक तालियां बजा रहे थे, तब तेजस्वी यादव शांत बैठे रहे। यह देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुस्कुराए और तेजस्वी से कहा,“तुम भी ताली बजाओ।”बस फिर क्या था—तेजस्वी हंस पड़े और सदन में मौजूद कई नेताओं के चेहरे पर भी मुस्कान फैल गई। यह दृश्य सत्र के पहले दिन का सबसे दिलचस्प पल बन गया।

राज्यपाल बोले—बिहार में कानून का राज
अपने अभिभाषण में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और वर्ष 2005 के बाद राज्य के हर सेक्टर में तेज़ी से काम हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सड़क निर्माण में हुई प्रगति का उल्लेख किया। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी दिया। बता दें कि आज कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष ने NEET छात्रा रेप-मौत मामले को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक कमरूल होदा पोस्टर लेकर नजर आए। सदन के भीतर भी विपक्षी विधायकों ने न्याय की मांग उठाई, जिस पर राज्यपाल कुछ क्षण के लिए रुके और फिर अपना अभिभाषण जारी रखा।

3 फरवरी को आएगा बजट, 27 फरवरी तक चलेगा सत्र
वहीं वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। बिहार का बजट 3 फरवरी को प्रस्तुत किया जाएगा। 27 फरवरी तक चलने वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें होंगी। पहले ही दिन यह साफ हो गया कि आने वाले दिनों में विकास, कानून-व्यवस्था और NEET छात्रा केस को लेकर सदन में सियासी टकराव तेज रहने वाला है।