मोतिहारी में पुलिस–अपराधी मुठभेड़: एक जवान शहीद, दो कुख्यात बदमाश ढेर,पहले दी थी 15 पुलिस वालों को मारने की धमकी
बिहार के मोतिहारी जिले में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा मठ के पास सोमवार रात करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में एक पुलिस जवान शहीद हो गया, जबकि दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने मार गिराया।मारे गए अपराधियों की पहचान सिहोरवा मठ निवासी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। दोनों पर आर्म्स एक्ट...
बिहार के मोतिहारी जिले में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा मठ के पास सोमवार रात करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में एक पुलिस जवान शहीद हो गया, जबकि दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने मार गिराया।मारे गए अपराधियों की पहचान सिहोरवा मठ निवासी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। दोनों पर आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक कार्बाइन और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की हैं। वहीं शहीद जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है।
धमकी के बाद एक्शन में आई पुलिस
जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ से पहले अपराधियों ने पुलिस को फोन कर गंभीर धमकी दी थी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा था कि अगली खबर में 10 से 15 पुलिसकर्मियों की मौत की बात होगी। अपराधियों ने कहा था, न्यूज में चल रहा है कि मुठभेड़ में एक बदमाश घायल. ...अगली न्यूज क्या होगी पता है? पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़ में 10 से 15 पुलिस की मौत... अपराधी फरार. ..साथ ही यह भी कहा, इतनी गोलियां चलेंगी कि…।
पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन
इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत नंबर ट्रेस किया और लोकेशन का पता लगाया।लोकेशन मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई।इस मुठभेड़ में कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए, लेकिन गोलीबारी के दौरान एक बहादुर जवान भी शहीद हो गया। वहीं, अपराधियों के कुछ साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।













