बक्सर में सनकी आशिक का खौफनाक कदम: शादी के स्टेज पर दुल्हन को मारी गोली

बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल अचानक गोलियों की आवाज से मातम में बदल गया। शादी के मंच पर वरमाला की तैयारी चल रही थी, मेहमान जश्न में डूबे थे, लेकिन तभी एक सनकी आशिक ने दुल्हन को निशाना बनाकर गोली चला दी। यह घटना मंगलवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार स्थित............

बक्सर में सनकी आशिक का खौफनाक कदम: शादी के स्टेज पर दुल्हन को मारी गोली

बिहार के बक्सर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल अचानक गोलियों की आवाज से मातम में बदल गया। शादी के मंच पर वरमाला की तैयारी चल रही थी, मेहमान जश्न में डूबे थे, लेकिन तभी एक सनकी आशिक ने दुल्हन को निशाना बनाकर गोली चला दी।
यह घटना मंगलवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार स्थित मल्लाह टोली की है। यहां आरती कुमारी की शादी समारोह धूमधाम से चल रहा था। बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरेमनपुर से आई थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर वरमाला के लिए तैयार थे, तभी अचानक लड़कियों के बीच से एक युवक स्टेज पर चढ़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने दुल्हन के पेट के पास गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

हालत गंभीर बताई जा रही है
गोली चलते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और मेहमान घबराकर इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल आरती कुमारी को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।प्राथमिक जांच में इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। आरोपी युवक की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, जो पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके माता-पिता को हिरासत में लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

 प्रेम प्रसंग की कोई जानकारी नहीं 
आरोपी के पिता का कहना है कि उन्हें अपने बेटे के प्रेम प्रसंग की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें पहले से इस रिश्ते के बारे में पता होता, तो वे दोनों की शादी करवा देते और यह घटना नहीं होती।इस सनसनीखेज वारदात के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।