पटना में अब डबल डेकर बस होगी प्राइवेट बुक,मना सकेंगे जन्मदिन और खास मौके,जाने कितना होगा किराया
पटना में घूमने-फिरने का अंदाज़ अब पूरी तरह बदल गया है। जेपी गंगा पथ पर चलने वाली मशहूर डबल डेकर बस अब सिर्फ सैर का जरिया नहीं रही, बल्कि अब यह जश्न मनाने का चलता-फिरता प्लेटफॉर्म बन गई है। बिहार पर्यटन विकास निगम ने इस बस को निजी बुकिंग के लिए शुरू कर दिया है, जिससे लोग गंगा के किनारे चलते हुए अपने खास पलों को यादगार.....
पटना में घूमने-फिरने का अंदाज़ अब पूरी तरह बदल गया है। जेपी गंगा पथ पर चलने वाली मशहूर डबल डेकर बस अब सिर्फ सैर का जरिया नहीं रही, बल्कि अब यह जश्न मनाने का चलता-फिरता प्लेटफॉर्म बन गई है। बिहार पर्यटन विकास निगम ने इस बस को निजी बुकिंग के लिए शुरू कर दिया है, जिससे लोग गंगा के किनारे चलते हुए अपने खास पलों को यादगार बना सकेंगे।
डेढ़ घंटे का सफर
नई व्यवस्था के तहत अब डबल डेकर बस को प्रति ट्रिप बुक किया जा सकता है।एक ट्रिप की अवधि करीब डेढ़ घंटे की होगी और किराया प्रति ट्रिप के आधार पर लिया जाएगा। एक ट्रिप का किराया 4,000 रुपये तय किया गया है, जो पूरे बस के लिए होगा।बुकिंग करने वाले समूह के लिए बस की सभी सीटें पूरी तरह आरक्षित रहेंगी।जन्मदिन, फैमिली गेट-टुगेदर, दोस्तों के साथ छोटी पार्टी या कोई खास मौका—यह बस हर सेलिब्रेशन को खास बना देगी।
दीघा घाट से कंगन घाट तक खूबसूरत सफर
बता दें कि डबल डेकर बस दीघा घाट से कंगन घाट तक चलती है। ऊपरी डेक से यात्रियों को गंगा का 360 डिग्री नज़ारा, खुली हवा और जेपी गंगा पथ का खूबसूरत नजारा ट्रिप को और भी खास बनाता है।बस का संचालन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक होता है, जहां सूर्यास्त का नज़ारा सबसे बड़ा आकर्षण है। इस बस में कुल 40 सीटें हैं। नीचे के डेक पर 20 वातानुकूलित सीटें हैं, जबकि ऊपरी डेक पर 20 खुली सीटें उपलब्ध हैं।
प्रशिक्षित टूर गाइड
वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए बस में टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक प्रशिक्षित गाइड भी मौजूद रहता है। गाइड दीघा घाट से लेकर जेपी गंगा पथ गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देता है।वहीं जो लोग निजी बुकिंग नहीं करना चाहते, उनके लिए डबल डेकर बस सामान्य सैर के रूप में भी उपलब्ध है।
पटना पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
बता दें कि आम दिनों में एक तरफ का किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपये और दोनों तरफ का किराया 100 रुपये निर्धारित है। इस तरह कम बजट में भी लोग गंगा किनारे घूमने और शहर को नए नजरिये से देखने का आनंद ले सकते हैं। दरअसल यह पहल पटना के शहरी पर्यटन को नया आयाम देगी।युवाओं और परिवारों के लिए यह अनुभव न सिर्फ यादगार होगा, बल्कि नए सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी तेजी से लोकप्रिय बन सकता है।













