UGC के नए नियमों के समर्थन में पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; हिरासत में दो छात्र नेता

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद देश की राजनीति और छात्र संगठनों में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को बिहार की राजधानी पटना में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्र संगठनों ने उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू किए गए यूजीसी के नए समानता नियमों से रोक हटाने की मांग को....

UGC के नए नियमों के समर्थन में पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; हिरासत में दो छात्र नेता

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद देश की राजनीति और छात्र संगठनों में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को बिहार की राजधानी पटना में हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्र संगठनों ने उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू किए गए यूजीसी के नए समानता नियमों से रोक हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

 छात्रों की पटना पुलिस के साथ झड़प
प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए जब मार्च कर रहे छात्रों की पटना पुलिस के साथ झड़प हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो छात्र नेताओं—अमर आज़ाद और मनीष यादव—को हिरासत में ले लिया। दोनों को कोतवाली थाना ले जाया गया है। छात्र नेता मनीष यादव ने कहा, “मैं सर पर कफन बांधकर निकला हूं। सरकार को नए नियम लागू करने ही होंगे। हम पीछे नहीं हटेंगे।”

पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोकने की कोशिश की
दरअसल, यूजीसी नियमों के समर्थन में विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से पटना कॉलेज से गांधी मैदान तक मार्च निकाला गया था। जैसे ही छात्र जेपी गोलंबर के पास पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोकने की कोशिश की। इससे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति गहमागहमी में बदल गई।

 भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालात को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन की गाड़ियां भी मंगाई गई हैं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे।इस मार्च में पटना यूनिवर्सिटी के विभिन्न छात्रावासों में रहने वाले हजारों छात्र शामिल हुए। छात्रों का कहना है कि यूजीसी के नए नियम उच्च शिक्षा में समानता और पारदर्शिता को बढ़ावा देते हैं और उन पर लगी रोक तुरंत हटाई जानी चाहिए।फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 UGC के नए नियमों पर रोक
बता दें कि 29 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भेदभाव रोकने से जुड़े UGC के नए नियमों पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने कहा था कि नियमों के प्रावधान स्पष्ट नहीं हैं और इनके दुरुपयोग की आशंका है।UGC के वर्ष 2012 के नियमों में संशोधन के बाद 13 जनवरी 2026 को नए नियम जारी किए गए थे। छात्रों का एक वर्ग इन नियमों को जरूरी बता रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इसका विरोध कर रहा है।