पटना रामनवमी 2026: रामधुनी और केसरिया ध्वज के बीच डाकबंगला चौराहा होगा राममय, 51 मोहल्लों से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पटना में इस बार रामनवमी का पर्व आस्था, उत्साह और भव्यता के अद्भुत संगम के रूप में मनाया जाएगा। 27 मार्च को राजधानी राममय नजर आएगी, जब शहर के 51 से अधिक मोहल्लों से आकर्षक झांकियों और विशाल शोभायात्राओं का आयोजन होगा। ये शोभायात्राएं पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचेंगी, जहां श्रीराम ध्वज अर्पित....

पटना रामनवमी 2026: रामधुनी और केसरिया ध्वज के बीच डाकबंगला चौराहा होगा राममय, 51 मोहल्लों से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पटना में इस बार रामनवमी का पर्व आस्था, उत्साह और भव्यता के अद्भुत संगम के रूप में मनाया जाएगा। 27 मार्च को राजधानी राममय नजर आएगी, जब शहर के 51 से अधिक मोहल्लों से आकर्षक झांकियों और विशाल शोभायात्राओं का आयोजन होगा। ये शोभायात्राएं पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचेंगी, जहां श्रीराम ध्वज अर्पित किया जाएगा।

उच्चस्तरीय बैठक आयोजित
इस बार का आयोजन खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति ने पर्व को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति के संयोजक और बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन के निर्देशन में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा के रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

51 से अधिक भव्य झांकियां
प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से संपन्न हो। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, प्रमुख मार्गों की निगरानी बढ़ाने और यातायात संचालन को सुचारु रखने की रणनीति तैयार की गई है।इस वर्ष पटना के अलग-अलग इलाकों और मोहल्लों से 51 से अधिक भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। हर शोभायात्रा अपने क्षेत्र से शुरू होकर पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए महावीर मंदिर पहुंचेगी। झांकियों के साथ रामधुन पर झूमते श्रद्धालु, भगवा ध्वजों की छटा और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आएगा।

 पारंपरिक ढंग से स्वागत और अभिनंदन
बता दें कि डाकबंगला चौराहा इस आयोजन का सबसे प्रमुख आकर्षण केंद्र रहेगा। यहां श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से विशेष मंच बनाया जाएगा, जहां विभिन्न मोहल्लों से आने वाली झांकियों और पूजा समितियों का पारंपरिक ढंग से स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी डाकबंगला चौराहा रामभक्ति और जनउत्साह का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।लाखों लोगों की भीड़ को देखते हुए नगर निगम को साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और आयोजन समिति दोनों इस कोशिश में जुटे हैं कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और रामनवमी का यह महापर्व पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हो।