बिहार में LPG संकट, सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे से लाइन,दानापुर में बवाल, लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच चुका है। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है और बिहार में यह संकट अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग गैस सिलेंडर पाने के लिए सुबह-सुबह एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। कहीं घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, तो कहीं....

बिहार में LPG संकट, सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे से लाइन,दानापुर में बवाल, लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच चुका है। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है और बिहार में यह संकट अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग गैस सिलेंडर पाने के लिए सुबह-सुबह एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। कहीं घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, तो कहीं नाराज उपभोक्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

दानापुर में फूटा लोगों का गुस्सा
इसी कड़ी में राजधानी पटना से सटे बिहटा में रविवार सुबह 4 बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। वहीं दानापुर और बगहा में गैस सिलेंडर एजेंसी तक पहुंचने के बावजूद उपभोक्ताओं को वितरण नहीं किया गया, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू हो गया।बता दें कि रमजान और नवरात्र जैसे अहम अवसरों पर भी गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। रविवार सुबह हाथी खाना मोड़ के पास आनंद बाजार मुख्य मार्ग पर लोगों ने सिलेंडर के साथ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस के समझाने पर शांत हुआ मामला
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का कहना था कि वे सुबह से लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया गया। लोगों ने बताया कि एक तरफ रमजान का महीना चल रहा है, दूसरी तरफ नवरात्र शुरू होने वाला है, ऐसे समय में रसोई गैस की किल्लत ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने गैस एजेंसी कर्मियों से बात कर जल्द वितरण शुरू कराने को कहा। इसके बाद किसी तरह स्थिति सामान्य हुई और लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मामले को लेकर एडीएसओ तेज प्रताप ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

नए कनेक्शन पर भी लगी रोक
इतना ही नहीं बिहार में गैस संकट का असर अब नए उपभोक्ताओं पर भी साफ दिखने लगा है। कई गैस एजेंसियों ने नए गैस कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा दी है। इतना ही नहीं, जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से एक सिलेंडर है, उन्हें दूसरा सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। इससे आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।एलपीजी की कमी का असर अब बाजार में भी साफ नजर आने लगा है। रसोई गैस नहीं मिलने की वजह से लोग अब लकड़ी, कोयला और इंडक्शन चूल्हे जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके चलते लकड़ी और कोयले की मांग बढ़ गई है, जिससे इनके दाम भी तेजी से ऊपर गए हैं। वहीं इंडक्शन चूल्हों की कीमतों में भी कई जगह भारी उछाल देखा जा रहा है।