त्योहारी भीड़ में बिहारियों को बड़ी राहत, BSRTC की स्पेशल बस सेवा ने 18 दिनों में रचा रिकॉर्ड
होली और ईद के मौके पर घर लौटने की जल्दी में जुटे बिहारियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा बड़ी राहत बनकर सामने आई है। रेलवे में लंबी वेटिंग और निजी बसों की मनमानी के बीच निगम की एसी बसों को यात्रियों का जबरदस्त भरोसा मिला है। यही वजह है कि 23 फरवरी से शुरू हुई इस सेवा के जरिए अब तक 43 हजार...
होली और ईद के मौके पर घर लौटने की जल्दी में जुटे बिहारियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा बड़ी राहत बनकर सामने आई है। रेलवे में लंबी वेटिंग और निजी बसों की मनमानी के बीच निगम की एसी बसों को यात्रियों का जबरदस्त भरोसा मिला है। यही वजह है कि 23 फरवरी से शुरू हुई इस सेवा के जरिए अब तक 43 हजार से ज्यादा लोग सफर कर चुके हैं, जबकि 93 फीसदी सीटें लगातार भरी चल रही हैं।
17,478 यात्रियों ने यात्रा की
सबसे ज्यादा भीड़ मुजफ्फरपुर से दिल्ली रूट पर देखने को मिली है। परिवहन निगम के आंकड़ों के अनुसार, इस रूट पर अकेले 17,478 यात्रियों ने यात्रा की है। इसके अलावा दरभंगा से गुरुग्राम, गया से दिल्ली, पूर्णिया से अंबाला और पटना से दिल्ली जैसे रूटों पर भी यात्रियों की भारी भीड़ दर्ज की गई है। इस विशेष सेवा ने खासकर बिहार से बाहर रहने वाले कामगारों, छात्रों और अन्य प्रवासी लोगों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें घर लौटने के लिए न तो रेलवे की अनिश्चितता झेलनी पड़ रही है और न ही निजी ऑपरेटरों के ज्यादा किराए और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। BSRTC की बसें यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध सफर का भरोसा दे रही हैं।
टिकट बुकिंग तेज और सहज हो गई है
यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी पूरी तरह आसान बनाई गई है। लोग घर बैठे निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी सीट बुक कर सकते हैं। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे टिकट बुकिंग तेज और सहज हो गई है।इन एसी बसों का किफायती किराया भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यही कारण है कि यह सेवा न सिर्फ यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है, बल्कि निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी पर भी असर डाल रही है। कम खर्च में बेहतर सुविधा मिलने से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ रहा।
यह विशेष सेवा 23 मार्च 2026 तक जारी रहेगी
होली और ईद को ध्यान में रखकर शुरू की गई यह विशेष सेवा 23 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। परिवहन विभाग की कोशिश है कि त्योहार के दौरान घर आने वाले लोगों के साथ-साथ त्योहार के बाद वापस काम पर लौटने वालों को भी इसी तरह की सुगम यात्रा सुविधा मिलती रहे। फिलहाल पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहरों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए बसों का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।













