पटना के जाम पर बड़ी तैयारी! ट्रैफिक पुलिस कराएगी सड़कों का नया सर्वे,बंद होंगे अनावश्यक यू-टर्न और कट, लगेंगी नई रेड लाइट
राजधानी पटना में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। शहर की सड़कों और प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति जानने के लिए व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इस सर्वे का उद्देश्य उन सड़कों की पहचान करना है, जहां जाम की समस्या सबसे ज्यादा .....
राजधानी पटना में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। शहर की सड़कों और प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति जानने के लिए व्यापक सर्वे कराया जाएगा। इस सर्वे का उद्देश्य उन सड़कों की पहचान करना है, जहां जाम की समस्या सबसे ज्यादा गंभीर बनी रहती है।
निजी वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा की संख्या में तेजी से इजाफा
बता दें कि पिछले एक-दो वर्षों में निजी वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, जबकि शहर की सड़कों की चौड़ाई लगभग पहले जैसी ही बनी हुई है। ऐसे में पुराने ट्रैफिक प्रबंधन के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं और रोजाना लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।यातायात पुलिस शहर की उन सड़कों की अलग-अलग सूची तैयार कर रही है, जहां वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है। खास तौर पर मुख्य मार्गों पर दिन के करीब छह घंटे ऐसे होते हैं, जब जाम की स्थिति सबसे ज्यादा भयावह हो जाती है। इनमें सुबह 9:30 बजे से 12:30 बजे तक और शाम 4 बजे से 7 बजे तक का समय शामिल है, जब दफ्तर जाने और लौटने वाले लोगों की संख्या चरम पर होती है।
वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए
सर्वे के निष्कर्षों के आधार पर कई प्रमुख सड़कों पर बने अनावश्यक कट को बंद करने की योजना बनाई गई है। खास तौर पर व्यस्त समय के दौरान इन कटों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए और जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही शहर के कई महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर नई ट्रैफिक रेड लाइट लगाने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे सिग्नल सिस्टम के जरिए ट्रैफिक को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
ट्रैफिक की रफ्तार को काफी धीमा कर देता है
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़कों के किनारे बेतरतीब पार्किंग जाम की बड़ी वजह बन चुकी है। कई इलाकों में ऑटो और ई-रिक्शा का सड़क पर खड़ा रहना ट्रैफिक की रफ्तार को काफी धीमा कर देता है। हाल ही में चौक-चौराहों पर ऑटो और ई-रिक्शा खड़े करने पर रोक लगाए जाने के बाद अब इन स्थानों पर सख्त निगरानी रखने की तैयारी है।इस सर्वे प्रक्रिया में यातायात पुलिस के साथ जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। ट्रैफिक एसपी के अनुसार, सर्वे रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर ठोस और प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे, ताकि आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। साथ ही कई स्थानों पर रेड लाइन और यू-टर्न की उपयोगिता की भी दोबारा समीक्षा की जाएगी।













