झारखंड में पटना पुलिस गिरफ्तार, फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में बोकारो गई थी, दो आम नागरिक घायल

पटना पुलिस को झारखंड पुलिस ने रविवार को गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पटना पुलिस की एक टिम द्वारा गोली चलाने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। पकड़े गए पुलिस कर्मी में ट्रेनी सब इंस्पेक्टर राजू कुमार, महिला सिपाही रंजना कुमारी और SSP सेल के कर्मी अवनीश हैं। फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में निजी गाड़ी से बोकारो पहुंची गर्दनीबाग थाने की टीम पर आरोप...

झारखंड में पटना पुलिस गिरफ्तार, फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में बोकारो गई थी, दो आम नागरिक घायल

पटना पुलिस को झारखंड पुलिस ने रविवार को गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पटना पुलिस की एक टिम द्वारा गोली चलाने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। पकड़े गए पुलिस कर्मी में ट्रेनी सब इंस्पेक्टर राजू कुमार, महिला सिपाही रंजना कुमारी और SSP सेल के कर्मी अवनीश हैं। फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में निजी गाड़ी से बोकारो पहुंची गर्दनीबाग थाने की टीम पर आरोप है कि जांच के दौरान गोली चल गई, जिससे दो आम नागरिक घायल हो गए। 

पुलिस ने चलाई गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के पटना स्थित गर्दनीबाग थाना की पुलिस टीम एक फरार प्रेमी जोड़े की तलाश में बोकारो आई थी। जांच में यह बात सामने आई कि वह जोड़ा बोकारो में कहीं छिपकर रह रहा था और स्थानीय फल विक्रेता विवेक कुमार शाह के संपर्क में था। बिहार पुलिस ने विवेक के मोबाइल नंबर को ट्रेस कर उसे ढूंढ निकाला। पटना पुलिस वहां पहुंची और फल बेचने वाले विवेक कुमार (24) को लड़की की फोटो दिखाकर पूछताछ की। उसने पहचानने से इनकार किया तो टीम आक्रोशित हो गई और गोली मारने की बात कही, इस दौरान गोली चल गई। जो विवेक के कंधे में लगी,और फिर पास में खड़े लड़की के भाई को छूते हुए निकल गई ।

मौके पर अफरा-तफरी 

गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई । फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए, घटना के बाद घायल विवेक को वही पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी में बैठाकर कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए, इलाज के लिए भर्ती कराया और फिर मौके से फरार हो गए।  इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने बिहार पुलिस की टीम समेत 8 लोगों को कोडरमा से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में तीन पुलिस वाले, 2 ड्राइवर और लड़की के पिता-चाचा और भाई है।

घायल निजी अस्पताल में भर्ती

घायल फल विक्रेता को बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसका भाई अनिल कुमार आरोप लगा रहा है कि गोली मारने से पहले विवेक के साथ बुरी तरह मारपीट भी की गई थी। मामले में बिहार पुलिस के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। गर्दनीबाग थाना पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन की पूर्व सूचना आईजी स्तर से दी गई थी। फिलहाल झारखंड पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

लड़की के भाई को भी लगी गोली

घायल विवेक के भाई अनिल कुमार ने बताया, 'मेरे छोटे भाई का फोन आया था। उसने कहा कि भइया जल्दी आइए मुझे बहुत मारा है। वो मां भवानी अस्पताल में भर्ती था। मैं अस्पताल पहुंचा तो कंपाउडर ने बताया कि आपके भाई को गोली लगी है बड़े अस्पताल ले जाइए।'अनिल ने आगे बताया, 'विवेक ने कहा कि जो लोग उसे मारने आए थे, उसके साथ लड़की का भाई भी था। उसे भी गोली लगी है। मारने वालों ने पूछा था कि आप इस लड़के को जानते हैं क्या, बस इसके बाद गोली मार दी।'