निशांत कुमार से हाथ मिलाने को तैयार तेजप्रताप यादव, बोले- साथ आएंगे तो देंगे अनुभव
बिहार की राजनीति में इन दिनों तेज़ हलचल के बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। पटना में पार्टी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने संगठन विस्तार, बिहार की मौजूदा सियासत, परिवारवाद, शराबबंदी कानून और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर तीखे बयान दिए।तेज प्रताप यादव ने बताया कि पार्टी ......
बिहार की राजनीति में इन दिनों तेज़ हलचल के बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। पटना में पार्टी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने संगठन विस्तार, बिहार की मौजूदा सियासत, परिवारवाद, शराबबंदी कानून और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर तीखे बयान दिए।तेज प्रताप यादव ने बताया कि पार्टी की बैठक संगठन को मजबूत करने और उसे विस्तार देने को लेकर आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनशक्ति जनता दल स्नातक एमएलसी का चुनाव भी लड़ेगी और इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है।
कार्यकर्ताओं को भी बराबरी का अवसर
मुख्यमंत्री नीतीश के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्होंने पहले ही इसको लेकर “बम फोड़” दिया था। उन्होंने कहा कि निशांत उनसे बड़े हैं और युवा भी हैं। भले ही वह राजनीति में थोड़ी देर से आए हों, लेकिन उनकी ओर से उन्हें शुभकामनाएं हैं।हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि सिर्फ मुख्यमंत्री का बेटा होने के कारण किसी को मौका नहीं मिलना चाहिए। पार्टी में लंबे समय से मेहनत कर रहे कार्यकर्ताओं को भी बराबरी का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई नेताओं ने अपने बेटों को राजनीति में लाकर परिवारवाद को बढ़ावा दिया है, लेकिन उनकी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के सिद्धांत पर काम करेगी।
नीतीश कुमार को जबरदस्ती दिल्ली भेजा जा रहा
वहीं तेजप्रताप यादव ने राबड़ी देवी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि नीतीश कुमार को जबरदस्ती दिल्ली भेजा जा रहा है। इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह तो खुद नीतीश कुमार ही बताएंगे कि वह दिल्ली क्यों जा रहे हैं। उन्हें लगता है कि सामान्य तरीके से बदलाव नहीं हुआ है और कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ जरूर है।तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि अगर निशांत कुमार उनसे हाथ मिलाना चाहेंगे और आगे बढ़ना चाहेंगे तो वह उनसे जरूर मिलेंगे और उन्हें राजनीतिक अनुभव भी देंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने भी कभी नीतीश कुमार का साथ दिया था, इसलिए अगर निशांत उनके साथ आते हैं तो वह भी उनका सहयोग करेंगे।
तेज प्रताप यादव ने टिप्पणी की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर भी तेज प्रताप यादव ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति पद की गरिमा और प्रोटोकॉल का ध्यान रखना चाहिए और उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार ने राष्ट्रपति के साथ जो व्यवहार किया है, वह सही नहीं है।सीमांचल को केंद्र शासित राज्य बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि देश में तोड़ने की नहीं बल्कि जोड़ने की राजनीति होनी चाहिए। वहीं बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में कई जगहों पर आसानी से शराब मिल रही है और यहां तक कि शराब की होम डिलीवरी भी हो रही है।उन्होंने कहा कि अगर निशांत कुमार राजनीति में आए हैं तो उन्हें शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने की दिशा में काम करना चाहिए।













