बिहार में हड़ताल पर सख्ती: 3 अंचल अधिकारी सस्पेंड, दो महिला अधिकारी भी शामिल
बिहार में हड़ताल कर रहे अंचल अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने अब सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि सरकार अब काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत.....
बिहार में हड़ताल कर रहे अंचल अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने अब सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि सरकार अब काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
तीन अधिकारियों पर गिरी गाज
निलंबित किए गए अधिकारियों में बक्सर सदर के अंचल अधिकारी राहुल कुमार, भागलपुर के शाहकुंड की डॉ. हर्षा कोमल और सीतामढ़ी के डुमरा की अंचल अधिकारी डौली कुमारी शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें दो महिला अधिकारी भी हैं। इससे पहले भी हड़ताल में शामिल तीन अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। इस तरह अब तक कुल छह अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है।
अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप
विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, इन अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान कार्य में बाधा डालना, विभागीय मंत्री के कार्यक्रमों से दूरी बनाना,सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही,तय राजस्व लक्ष्य को पूरा न करना, जिससे सरकारी आय प्रभावित हुई
हाईकोर्ट के अतिक्रमण हटाने के आदेशों का पालन नहीं करना भी गंभीर आरोपों में शामिल है।
सस्पेंशन के दौरान नई तैनाती
निलंबन अवधि के दौरान तीनों अधिकारियों का मुख्यालय पूर्णिया कमिश्नरी निर्धारित किया गया है।सरकार ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई सिर्फ निलंबन तक सीमित नहीं रहेगी। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी।इस पूरे घटनाक्रम को प्रशासनिक स्तर पर एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। साफ है कि अब सरकारी कार्य में बाधा डालने या जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।













